भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी प्रदेश सरकार को अब जनता बर्दाश्त नहीं करेगी-सुशील पासी।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव सुशील पासी ने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाया है कि, भाजपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। प्रदेश में हो रही नियुक्तियों में नियम कानून को ताक पर रखकर मनमानी तरीके से खुलकर भाई भतीजावाद चलाया जा रहा है। रिक्त पदों पर भर्ती के लिए या तो भाजपा आरएसएस के पदाधिकारियों के भाई, भतीजे व बेटों को भर्ती किया जा रहा है। शेष बची जगहों पर भारी धन ऐठ कर अयोग्य लोगों की नियुक्तियां की जा रही है। कांग्रेस के लोग इन फर्जी बाड़ा का खुलकर विरोध करेंगे। आवश्यकता पड़ी तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के दिशा निर्देशों के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर भ्रष्टाचार की कलई खोलेंगे और सरकार की नाक में दम कर देंगे।
     आपको बता दें कि, विगत दिनों प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा विभाग में की गई 69000 शिक्षकों की भर्ती के मामले में प्रदेश सरकार पर चारों ओर से राजनीतिक हमले हो रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव सुशील पासी ने कहा कि, 69000 शिक्षकों की भर्तियां प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार का जीता जागता प्रमाण है। उन्होंने कहा कि, इन भर्तियों में भ्रष्टाचार की दुर्गंध आने पर तत्कालीन प्रयागराज के एसएसपी ने संकल्प लिया था कि, वह पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों को उजागर करेंगे। क्योंकि इन भर्तियों के पीछे पूरी प्रदेश सरकार के मंत्रियों और बड़े अफसरों का हाथ है। इसलिए जांच ना होने पाए रातों-रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का तबादला कर दिया गया।
     वहीं श्री पासी ने आरोप लगाया है कि, इस भर्ती के दौरान परीक्षा के नाम पर ड्रामा किया गया है। टापरों में से टॉपर चुने गए, बिना औचित्य वाले प्रश्न पूछे गए। इसी तरह की तमाम गड़बड़ियां की गई है। फिर मामले को कोर्ट में घसीटा गया। कोर्ट ने स्वयं कई तीखी टिप्पणियां भर्ती मामले में की है।
    उन्होंने कहा कि, भ्रष्टाचार में डूबी प्रदेश सरकार को अब जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। इसी क्रम में उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि, सरकार भ्रष्टाचारी कारनामों से बाज आए। नहीं तो प्रदेश भर के लाखों कांग्रेसी अपने नेतृत्व प्रियंका गांधी वाड्रा और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का निर्देश मिलते ही सड़कों पर उतरेंगे और इतना बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेंगे कि, सरकार की चूलें हिल जाएंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ