त्यागी के नामांकन दाखिल करने के बाद खत्म हुआ 48 घंटे का सस्पेंस।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: महराजगंज प्रथम से भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने अंततोगत्वा क्षेत्र के प्रसिद्ध धर्म स्थलों पर मत्था टेकने के बाद रायबरेली कलेक्ट्री पहुंचकर पार्टी के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर की अगुवाई में कलेक्ट्रेट में जाकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। हालांकि इस दौरान पार्टी के कई विधायक, पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि तथा कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उनके नामांकन में शामिल होने रायबरेली पहुंचा। त्यागी के नामांकन पत्र दाखिल कर देने के बाद महराजगंज प्रथम क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार को लेकर चल रही उहापोह खत्म हो गई।

    आपको बता दें कि, विगत 48 घंटों में महराजगंज प्रथम क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के टिकट को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। क्षेत्र में सभी लोग प्रायः यह मानकर चल रहे थे कि, महराजगंज प्रथम सीट से राजाराम त्यागी ही भाजपा प्रत्याशी होंगे। उनके नाम पर जिले स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक सहमति बन चुकी थी। लेकिन अचानक रामप्रकाश पासी का नाम भी उभर कर सामने आया और बीते शुक्रवार को जब भाजपा के 52 प्रत्याशियों की सूची जारी हुई, तो उसमें राजाराम त्यागी का नाम नदारद था। बल्कि उनके स्थान पर हरचंदपुर ब्लॉक के रहने वाले रामप्रकाश पासी का नाम बतौर प्रत्याशी देखकर पार्टी कार्यकर्ताओं का माथा ठनक गया। 

     आनन फानन बैठकों का दौर शुरू हुआ और सर्वसम्मति से पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह और बछरावां विधायक राम नरेश रावत की अगुवाई में क्षेत्र के कई धुरंधर भाजपा नेता लखनऊ पहुंचे, और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, महामंत्री विद्यासागर सोनकर, तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष से जाकर मिले। तर्क दिया कि, राजाराम त्यागी विगत 3 दशकों से भाजपा की राजनीति में सक्रिय हैं। आरएसएस काडर के हैं। दो बार विधायक रह चुके हैं। जबकि दो बार मामूली वोटों के अंतर से विधायकी हारे थे। यह इनका गृह क्षेत्र है, तथा इनके पक्ष में संगठन के सभी कार्यकर्ता मौजूदा ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, मौजूदा जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू जो इसी वार्ड से भारी मतों से चुनाव जीतकर जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुके हैं। श्री त्यागी की छवि सरल व साफ-सुथरी तथा सुलझे हुए नेता के रूप में जानी जाती है। आखिर इनका टिकट काटकर बाहरी क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति को कैसे दे दिया गया। जिसका अभी तक भाजपा से दूर-दूर का नाता नहीं था।

     प्रतिनिधिमंडल की बातों को गौर से सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने रामप्रकाश पासी की दावेदारी को निरस्त करते हुए, श्री त्यागी को ही अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने की स्वीकृत देते हुए पत्र जारी करा दिया। जिस की खबरें सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर चलने के बाद त्यागी का टिकट काटने वाले गुट में हलचल मच गई।

     अचानक देर रात फिर से खबर आई कि, त्यागी की जगह रामप्रकाश को उम्मीदवार बनाने का फैसला जारी हो गया है। इसके बाद तैश में आए भाजपा समर्थकों में हलचल मच गई। यह सिलसिला आज सुबह 9:00 बजे तक चलता रहा। उहापोह की स्थिति बनी रही। फिर पता चला की जिला नेतृत्व ने त्यागी को फोन करके अपना नामांकन जल्द से जल्द दाखिल करने की बात कही।

     इसके उपरांत त्यागी ने अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र के प्रसिद्ध महर्षि ओरी दास बाबा के मंदिर पर जाकर पहले मत्था टेका, उसके बाद उन्होंने कैर के कैरेश्वर महादेव का पूजन कर महराजगंज में जसवंतरी देवी मंदिर में मत्था टेका, इसके बाद हनुमान गढ़ी मंदिर में भी शीश नवाने के बाद दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ वह जिला मुख्यालय पहुंच गए। जहां सुपर मार्केट भाजपा कार्यालय पहुंच कर वहां मौजूद भाजपा प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, जिला अध्यक्ष रामदेव पाल, क्षेत्रीय मंत्री दिलीप यादव, पूर्व एमएलसी एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य राजा राकेश प्रताप सिंह, बछरावां विधायक राम नरेश रावत, सरेनी विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख महराजगंज सत्येंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष विद्यासागर अवस्थी एडवोकेट, युवा नेता सुनील मौर्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा सहित अन्य क्षेत्रों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कलेक्ट्री पहुंचकर उन्होंने नामांकन पर्चा भर दिया।

    इस दौरान निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू और वरिष्ठ भाजपा नेता विद्यासागर अवस्थी ने उनके प्रस्तावक बने। नामांकन के बाद भाजपाइयों ने जोरदार नारेबाजी की। पूरा वातावरण राजाराम त्यागी जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। तब जाकर महराजगंज प्रथम से भाजपा प्रत्याशी के बारे में चर्चाओं पर विराम लग पाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ