महराजगंज/रायबरेली: गांव में अवैध पिस्टल दिखाकर दबंगई करना एक युवक को महंगा पड़ गया। ग्रामीणों ने घेर कर आरोपी युवक की जमकर पिटाई की। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर युवक की जान बचाई और हिरासत में लेकर जांच में जुटी है।
आपको बता दें कि, रायबरेली जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के ककई के पुरवा का रहने वाला अभिषेक यादव हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिहवा गांव में अपने साथियों के साथ पहुंचा था। बताया जा रहा है कि, उसने यहां दबंगई दिखाते हुए, पास मौजूद अवैध पिस्टल निकाला और ग्रामीणों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। उसके साथ उसके कुछ और साथी भी मौजूद थे। बस फिर क्या था, भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर निकले और दबंग युवक को घेर कर पकड़ा और उसकी जमकर धुनाई की। तब तक ग्रामीणों में से किसी ने पुलिस को घटना की खबर कर दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची उसने ग्रामीणों के चंगुल से युवक को छुड़ाया और थाने लेकर आई। ग्रामीणों का तो ये भी कहना है कि, अभिषेक गांव में आशनाई के चक्कर में पहुंचा था। उधर आरोपी युवक ने पुलिस को बताया कि, वो बरीक्षा में जा रहे था, और ग्रामीणों ने उसे रोककर पीटा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ