रायबरेली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी मतदान के दिन रायबरेली पहुंच गए हैं। यहां पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले जिले के हनुमान मंदिर में दर्शन किए। जहां उन्होंने दर्शन करने आए कई लोगों से मुलाकात की। राहुल गांधी रायबरेली सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। इस सीट पर भाजपा ने दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वह करीब 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे और यहां से रायबरेली के लिए रवाना हो गए।
आपको बता दे कि, देश में 8 राज्यों की 49 सीटों पर मतदान जारी है। मतदान के ताजा आंकड़े- पश्चिम बंगाल में 32.70%, यूपी में 27.76%, लद्दाख में 27.87%, झारखंड में 26.18%, जम्मू कश्मीर में 21.37%, बिहार में 21.11%, ओडिशा में 21.07% और महाराष्ट्र में 15.93% रायबरेली में राहुल गांधी पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने वोटरों से भी बातचीत की।
कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, रायबरेली में सम्मानित मतदाताओं के बीच पहुंचे जननायक, ये लड़ाई लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है। हम साथ मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे।
हाई प्रोफाइल लोकसभा सीटों में शुमार रायबरेली और अमेठी में दांव पर असली प्रतिष्ठा तो गृहमंत्री अमित शाह और राहुल गांधी की लगी है। असल में, रायबरेली में भाजपा से दिनेश सिंह और अमेठी में कांग्रेस से किशोरी लाल शर्मा तो चेहरे मात्र हैं। इन दो सीटों पर तीन प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, गृह मंत्री, चार डिप्टी सीएम, चार पूर्व सीएम समेत 50 से अधिक दिग्गजों ने प्रचार किया। अब जनादेश की बारी है।
सोनिया गांधी के राज्यसभा में जाने के बाद कांग्रेस से राहुल गांधी ने तीन मई को रायबरेली और अमेठी में किशोरी लाल शर्मा ने परचा भरा था। अमेठी में स्मृति इरानी तो भाजपा ने दूसरी बार दिनेश सिंह को रायबरेली सीट पर उतारा।
नामांकन में मां सोनिया, बहन प्रियंका, जीजा राबर्ट के साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत अन्य दिग्गज शामिल हुए। स्मृति इरानी के नामांकन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव रहे। नामांकन के बाद दोनों पार्टियों के दिग्गजों ने प्रचार में ताकत झोंकी।
राहुल गांधी रायबरेली के लखनऊ मार्ग पर बछरावां में स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने एक बच्चे को दुलारा और लोगों से बात की। राहुल गांधी ने लोगों से भी मुलाकात की और उनके साथ फोटो खिंचवाई।
इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि, देश में बदलाव की आंधी चल रही है। भारत के लोग इस चुनाव को एक साथ लड़ रहे हैं और पूरे देश में बदलाव की आंधी चल रही है। मैं अमेठी और रायबरेली सहित पूरे देश से अपील कर रहा हूं - बड़ी संख्या में आएं और अपने परिवारों की समृद्धि के लिए वोट करें। आपके अधिकार, भारत की प्रगति के लिए।
कांग्रेस के X अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, चुरवा हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान श्री हनुमान से देश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. कांग्रेस के X अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, रायबरेली के बछरावां में मतदान केंद्र के निरीक्षण के लिए पहुंचे राहुल। मतदान आपका अधिकार ही नहीं, आपकी जिम्मेदारी भी है। देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं, वोट जरूर दें।




0 टिप्पणियाँ