रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। शनिवार को दोपहर बाद लगभग 2:30 बजे तेज हवा और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक महाराजगंज कस्बा समेत आसपास के इलाके में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस दौरान पारा 46 डिग्री से 29 डिग्री तापमान पर आ गया। किसानों के चेहरे खिल गए। धान की बेढ़़न को बारिश से लाभ होगा।
कई दिन से लोग उमस और गर्मी के कारण परेशानियां झेल रहे थे। शनिवार दोपहर बाद एकाएक तेज हवा के साथ बादलों की गड़गड़ाहट और फिर बरसात शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक कस्बा और आसपास के गांव में झमाझम बारिश हुई, जिससे एक तरफ जहां लोगों ने गर्मी से राहत भरी सांस ली तो वहीं दूसरी तरफ किसानों के चेहरे खिल उठे। शनिवार को दोपहर बाद पर काफी नीचे गिर गया।
कृषि विज्ञान केंद्र दरियापुर के प्रभारी का कहना है कि, बारिश से किसानों को लाभ होगा। धान की बेढ़न को लाभ होगा साथ ही साथ खेतों में नमी आ जाने से किसानों को जुताई में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उधर तेज हवा के चलते महराजगंज इन्हौना मार्ग पर नैय्या से पहले शीशम और आम की मोटी शाखाएं रोड पर गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा, किंतु वन विभाग की सक्रियता और स्थानीय किसानों द्वारा तुरंत टहनियों को काटकर अवरुद्ध आवागमन को लोगों के आने जाने के लिए सुगम कर दिया गया।






0 टिप्पणियाँ