धान क्रयकेन्द्रों पर अनियमित्ताओं की झड़ी।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: शासन की मंशा के अनुरूप महराजगंज क्षेत्र में खोले गए धान खरीद क्रय केंद्र मात्र दिखावा साबित हो रहे हैं और प्रदेश सरकार की योजना को धता बताते हुए धान क्रय केंद्र प्रभारी किसी भी केंद्र पर मौजूद नहीं मिलें जिसके चलते धान खरीद केंद्र पर आधी अधूरी तैयारियां हैं। जिसको देखते हुए किसान हैरान व परेशान है।
      आपको बता दें कि, धान की खरीद 2019-20 के लिए किसानों से सीधे धान क्रय करने का काम 1 नवंबर से शुरू होना था। जिसमें कामन धान 18 सौ 15 रुपए प्रति कुंतल व ग्रेड ए धान 18 सौ 35 रुपए प्रति कुंतल खरीदा जाएगा, जिसके मद्देनजर शासन द्वारा प्रत्येक धान खरीद केंद्रों पर केंद्र प्रभारियों की तैनाती भी कर दी गयी थी। लेकिन जैसे ही 1 नवंबर की तारीख आयी धान खरीद केंद्रों को खुलने का समय निश्चित किया गया उस निश्चित समय पर एक भी केंद्र प्रभारी धान खरीद केंद्र पर मौजूद नहीं मिला।
     धान खरीद केंद्र पर शासन द्वारा किसानों को मुहैया कराई जाने वाली सभी सुविधाएं कोसों दूर हैं तो वहीं खरीद केंद्रों पर ना तो इलेक्ट्रॉनिक कांटा मशीन दिखाई पड़ी और ना ही कोई व्यवस्था, जबकि धान खरीद केंद्रों पर धूल उड़ती दिखाई पड़ रही है। वहीं खरीद केंद्र के पहले दिन महराजगंज की स्थिति विपणन शाखा में महज सफाई का कार्य शुरू हुआ इन केंद्रों पर किसानों को शासन द्वारा पानी पीने की सुविधा, रात रुकने की सुविधा जैसी अनेक सुविधाएं नदारद दिखाई दी। प्रशासन द्वारा लागू की गई सुविधाएं महराजगंज धान क्रय केंद्र के प्रभारी एसएमआई चंद्रकेश यादव मूलरूप से धरातल पर ला पाएंगे या शासन का दावा हवा हवाई ही साबित होंगी। 
     वहीं धान क्रय केंद्रों के लिए शासन का निर्देश था कि, ऑनलाइन आवेदन के बाद ही धान क्रय किया जायेगा लेकिन धान खरीद केंद्रों पर केंद्र प्रभारी की मौजूदगी यह बयां कर रही है कि, किसानों के धान क्रय में बिचौलिये खरीदेंगे। जबकि धान खरीद केंद्रों पर बिचौलिए व धान खरीद प्रभारियों की मिलीभगत की चर्चाएं पूर्व में आम थी। 

     अब देखना यह है कि, नवागत एसएमआई चंद्रेश यादव की मौजूदगी में बिचौलिए धान खरीद केंद्र प्रभारियों की मिलीभगत के चलते धान खरीद पाएंगे या एक बार फिर बिचौलियों के माध्यम से ही धान खरीदा जाएगा।
      यहां पर यह बताना जरूरी हो गया है कि, महराजगंज क्षेत्र में कुल 4 धान खरीद क्रय केंद्र बनाए गए हैं जिनपर किसानों का धान खरीदा जाएगा। जब विपणन शाखा स्थित धान खरीद केंद्र का निरीक्षण किया गया तो, वहां पर कोई कर्मचारी मौजूद नही था और सिर्फ रंगाई पुताई का कार्य चल रहा था। जबकि, अन्य जरूरतें कोसों दूर रहीं। जब एसएमआई चंद्रकेश यादव से मिलने हमारे संवाददाता मंडी परिषद पहुंचे तो, वहां पर एसएमआई नदारद मिले।
    मामले में उप जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह का कहना है कि, शासन के निर्देशानुसार 1 नवंबर से सभी धान खरीद केंद्रों पर केंद्र प्रभारियों की तैनाती कर दी गई है। यदि जांच में कोई भी केंद्र बंद पाया गया या कोई अनियमितता पाई गई तो, कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जो भी किसान ऑनलाइन आवेदन कर चुका है। वह किसी भी धान खरीद केंद्र पर जाकर धान की तौलाई करा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ