शहर के अम्बेडकर नगर का रहने वाला है पीड़ित छात्र।
रजनीकांत अवस्थीरायबरेली: पिछले कुछ दिनों से शहर के अंदर अपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मारपीट, बलात्कार, चोरी और हत्या जैसी जघन्य घटनाओं ने आम नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं पुलिस के उच्च अधिकारी, विभाग की उदासीनता और लचर कार्यप्रणाली को लेकर लगातार मौन धारण किए हुए हैं। जिससे बदमाश और अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के हौसले बुलंद हैं।
आपको बता दें कि, ताजा मामले में शनिवार की देर शाम कोचिंग से लौट रहे एक छात्र पर कार सवार अज्ञात बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। जिससे युवक को गंभीर चोट आई, और उसे जिला अस्पताल लाया गया है। पीड़ित छात्र ने बताया कि, वह शहर के घोसियाना के पास अंबेडकर नगर का रहने वाला है। रात करीब 8:30 बजे प्रगतिपुरम कोचिंग से पढ़ाई कर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार पर सवार होकर आए, नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट के दौरान बदमाशों के साथ शिवम और अमन जो बाइक पर सवार होकर आए थे, छात्र ने उनकी पहचान की है। जिनसे किसी प्रकार की पुरानी रंजिश या विवाद से पीड़ित युवक ने इंकार किया है। हालांकि इस दौरान अभिषेक के साथ उसका साथी रजत भी था, जो मारपीट शुरू होते ही मौके से भाग निकला। घरवालों ने घायल अवस्था में युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक के हाथ में गंभीर चोट मिली है। चिकित्सकों ने एक्स-रे कराने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।

0 टिप्पणियाँ