पार्टी सहित सपा का एक-एक कार्यकर्ता किसान आंदोलन को समर्थन करता है-अखिलेश यादव।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

बछरावां/रायबरेली: मौजूदा केंद्र सरकार द्वारा लाया गया कृषि कानून देश के किसानों को चंद पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की साजिश है। इस कानून के लागू हो जाने के बाद कृषि प्रधान देश भारत की कृषि संपदा चंद पूंजीपतियों के रहमो करम पर होगी, और एक बार पुन: काले अंग्रेजों का शासन हो जाएगा। आज देश का अन्नदाता डेढ़ महीने से खुले आसमान के नीचे सड़कों पर पड़ा हुआ है, और जनता के द्वारा चुनी गई सरकार के रहनुमा अपने राज महलों में ऐश कर रहे है। सरकार को चाहिए कि, तत्कालीन तीनों बिलों को वापस लेकर किसानों को राहत दे, और उनका विश्वास प्राप्त करें। यह उद्गार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ जाते समय चुरूवा बॉर्डर पर उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

     आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि, समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उन किसानों के साथ है, और उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन करता है। कोरोना वैक्सीन पर सत्तारूढ़ दल द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार पर उन्होंने कहा कि, वह देश के वैज्ञानिकों की इज्जत करते हैं, और आत्मिक रूप से उनका सम्मान करते है, उन्होंने कभी वैक्सीन के बारे में अनर्गल बात नहीं कही है। परंतु यह जरूर कहा है कि, पहले इस वैक्सीन को भारतीय जनता पार्टी के लोग लगवा ले। बाद में वह लगवा लेंगे। क्योंकि वैक्सीन के बारे में सत्तारूढ़ दल जहां वाहवाही कर रहा है, वहीं कई प्रश्न चिन्ह भी खड़े किए जा रहे हैं। उन्हें देश के वैज्ञानिकों पर पूर्ण विश्वास है, परंतु सत्तारूढ़ दल के नेताओं की मंशा पर नही।

    श्री यादव ने कहा कि, आज उत्तर प्रदेश के अंदर जंगलराज कायम है। केंद्र की सरकार हिटलर

शाही पर आमादा है। जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकारे हैं, वहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश की जनता को इस जंगलराज से मुक्ति दिलाने के लिए अभी से समाजवादी पार्टी के सारे कार्यकर्ता सक्रिय हो जाएं। ताकि 2022 में इस जंगलराज को नेस्तनाबूद किया जा सके।

     ज्ञात हो कि, अखिलेश यादव का कार्यक्रम प्रातः11 बजे यहां आने का था। किंतु जगह-जगह रुकने के कारण वह 5:30 बजे यहां पहुंचे और लगातार 6 घंटे तक हजारों की भीड़ उनका इंतजार करती रही। अपने नेता के सम्मान में ऊंचाहार विधायक डॉक्टर मनोज पांडेय, पूर्व विधायक रामलाल अकेला, ब्लाक प्रमुख विक्रांत अकेला, बछरावां विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज, वरिष्ठ सपा नेता डॉक्टर माताफेर सिंह, मनोज त्रिवेदी क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम बहादुर यादव, सपा के युवा नेता सुधीर साहू, लखनऊवा, शैलेंद्र सिंह सिंपल एडवोकेट, अभिषेक यादव प्रधान प्रतिनिधि अतरेहटा, संत कुमार चौधरी प्रधान प्रतिनिधि हलोर, रामबरन यादव प्रधान प्रतिनिधि मुरैनी, निजामुद्दीन मंसूरी, हरीश चौरसिया सहित विधानसभा क्षेत्र के तमाम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ