संदिग्ध परिस्थितियों में 30 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने आनन फानन कर दिया अंतिम संस्कार।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के हलोर गांव में एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के बारे में कहा जाता है कि, वह अपनी बीमार पत्नी को इलाज कराने लखनऊ ले गया था, और वापस आने पर उसकी रहस्यमई परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की वजह को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया है।

    आपको बता दें कि, गांव निवासी कोटेदार चंद्रशेखर वर्मा का 30 वर्षीय पुत्र रवि वर्मा की पत्नी गंभीर रूप से अस्वस्थ बताई गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि, मृतक अपनी पत्नी को इलाज के लिए लखनऊ के किसी अस्पताल में भर्ती कराए हुए हैं। आज लगभग 3:00 बजे वह लखनऊ से वापस घर लौटा। लौटने के बाद, थोड़ी देर के पश्चात उसके घर पर रोने बिलख ने की आवाजें आने लगी। लोग दौड़े, तो देखा कि, मृतक को परिजन तख्त पर लिटा कर विलाप कर रहे हैं।

    मृत्यु के बारे में यह पता नहीं चल सका है कि, आखिर लखनऊ से वापस लौटने के बाद चंद मिनटों में ऐसा क्या हो गया कि, एक स्वस्थ व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। इसी बीच मृतक के परिजनों ने आनन फानन उसकी अंत्येष्टि करने की व्यवस्था करते हुए, उसे श्मशान स्थल ले गए हैं। मामले में कोई बोलने को तैयार नहीं है।

     इस बारे में हमने हल्का दरोगा विकास चौधरी तथा कोतवाल शरद कुमार से बात की, तो उनका कहना था कि, घटना के बारे में पुलिस को जानकारी नहीं दी गई है। जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ