आलम कुरेशी
कन्नौज पुलिस से सांठगांठ कर दबंगों द्वारा स्वच्छ भारत मिशन की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। योजना के तहत 15 वर्ष पूर्व बना शौचालय व स्नानागार गिरा दिया गया। जिस कारण महिला का परिवार खुले में शौच जाने व स्नानादि के लिए विवश हो गया। अब इस परिवार की महिलाओं व युवतियों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि, पुलिस चौकी के दरोगा ने पीड़ित ग्रामीण को गांव में न रहने देने की धमकी दी है।
आपको बता दें कि, मामला सदर कोतवाली के ग्राम मियांगंज का है। गांव की रहने वाली संजीदा बेगम पत्नी शेर मोहम्मद ने पुलिस अधीक्षक व उप जिलाधिकारी से की गई शिकायत मेें कहा कि, ग्राम मियांगंज थाना, तहसील व जिला कन्नौज में प्रार्थिनी को स्वच्छ भारत मिशन के अन्तगत करीब 15 वर्ष पूर्व तत्कालीन ग्राम प्रधान द्वारा शौचालय का निर्माण कराया गया था। जिसका प्रयोग प्रार्थिनी का परिवार बराबर करता चला आ रहा है। विगत दिवस प्रार्थिनी केे पति शेर मोहम्मद को पुलिस ने चौकी मेंहदी घाट बुलाया और कहा कि, तुम्हारे खिलाफ प्रेमचन्द्र ने शिकायत की है। तुम अपना शौचालय व स्नानागार तुड़वा दो नहीं तो तुम्हे जेल भेज दिया जायेगा।
पीड़िता का कहना था कि, चौकी इंचार्ज ने धमकी दी है कि, यदि शौचालय नहीं गिराया तो शेर मोहम्मद के परिवार को गांव में नहीं रहने देंगें, शेर मोहम्मद अपराधी है। जबकि प्रार्थिनी के पति केे विरूद्ध कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। इसी रात्रि करीब आठ बजे प्रेमचन्द्र, मास्टर पुत्रगण छोटेलाल निवसी ग्राम मियांगंज व दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा आकर शौचालय व स्नानागार गिरा दिया गया। जिस कारण महिला व उसकी बेटियां तथा उनका पूरा परिवार खुले मेें शौच जाने को मजबूर है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक व उप जिलाधिकारी की चौखट पर शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामले को उप जिलाधिकारी ने संज्ञान में लेते हुए टीम बनाकर जांच के आदेश दिए हैं जांच के बाद दोषियों पर कार्यवाही कर पीड़ित परिवार को न्याय का आश्वासन दिया है।

0 टिप्पणियाँ