प्रशासन का मेगा प्लान: अब क्वॉरेंटाइन सेंटर से नहीं भाग पाएंगे परदेसी।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: संपूर्ण लाकडाउन के दौरान देश के अन्य शहरों से वापस लौटे 1301 लोगों को अब प्रशासन ने ग्राम पंचायत स्तर पर बनाए गए कोरन्टाइन स्थलों से निकाल कर ब्लॉक क्षेत्र के आठ बड़े विद्यालयों में रखने की व्यवस्था पर अमल करना शुरू कर दिया गया है। इसके तहत ब्लॉक के आठ विद्यालयों में क्वॉरेंटाइन सेंटर खोले गए हैं। जिनमें आज से लोगों को रखकर उन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। इन सभी केंद्रों पर प्रभारी सचिव के अलावा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
       आपको बता दें कि, बीते शुक्रवार की रात उपजिलाधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि, ग्राम पंचायतों में बनाए गए केंद्रों पर तमाम शिकायतें आ रही थी। इसके अलावा तमाम लोगों के वहां से भागने की भी शिकायतें मिल रही थी। कुछ यह भी शिकायतें मिल रही थी कि, इन स्थलों से रात में कुछ लोग अपने घरों को भी चले जाते हैं। इन्हीं तमाम मुद्दों पर विचार कर, इन लोगों को उनको समीपवर्ती बड़े विद्यालयों में रखकर सरकारी अधिकारियों की देखरेख में उनकी व्यवस्था कराई जाए साथ ही 8 केंद्र निर्धारित करके पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाए।
      खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार पटेल ने बताया कि, महराजगंज में 8 सेंटर बनाए गए हैं। जिनमें सलेथू गांव में स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल केंद्र में नरायनपुर, हसनपुर, पाराकला, जिहवा, सलेथू, असनीं, बरहुआ, घुरौना, तौली के 194 लोगों को तथा वहीं न्यू स्टैंडर्ड डिग्री कॉलेज सलेथू में अटरा, हरदोई, ओई, राघवपुर, सुल्तानपुर, पखनपुर, इंदौरा के 140 लोगों को, जबकि जीजीआईसी महराजगंज में सिकंदरपुर, मऊ और ओथी तथा मुरैनी के 116 लोगों को, वहीं जीआईसी हलोर में हलोर, बारीगोहन्ना, सिरसा, माझ गांव, जमोलिया, कैडावा, पूरे अचली, कक्केपुर और कुसुढ़ीसागरपुर के 152 लोगों को रखा गया है।
      इसी प्रकार स्वदेश सरस्वती इंटर कॉलेज अतरेहटा में अतरेहटा, पाली कुसमहुरा के 112 लोगों को रखा गया है। वहीं गुरुकुल डिग्री कॉलेज पुरासी में पुरासी, पाराखुर्द ,जमुरांवा, भटसरा, अलीपुर, मझिगवा, कोटवा मदनिया, पोखरनी  के 188 लोग व गुरुकुल इंटर कॉलेज पुरासी में जमुरंवा, पाराखुर्द, कोटवा मोहम्मदाबाद, मोन, कुबना के 198 लोग रखे गए हैं।
        इसके अलावा अंबेडकर डिग्री कॉलेज व इंटर कॉलेज महराजगंज में दौतरा, जनई, चंदापुर, टीसाखानापुर, ताजुद्दीनपुर, डोमा पुर, ज्योना के 195 लोगों को रखा गया है, सभी केंद्रों पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को प्रभारी सचिव व उनके साथ एक कर्मचारी को सहायक भी बनाया गया है। ग्राम पंचायत के केंद्रों से इन केंद्रों पर लाने के लिए उप जिलाधिकारी के अलावा सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार पटेल की अगुवाई में बीती रात से ही एंबुलेंस वाहनों से लोगों को लाए जाने का सिलसिला आज दिन में 12:00 बजे तक चलता रहा।
       इसी के साथ महराजगंज में राजा चंद्रचूड सिंह इंटर कॉलेज और स्वदेश सरस्वती शिशु मंदिर महराजगंज की साफ सफाई की व्यवस्था भी करा दी गई है। ताकि आगे और लोगों की संख्या बढ़ने पर उन्हें यहां रखा जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ