सावधानियां बरतकर कोरोना के डर को मारे-शाखा प्रबंधक आशीष यादव।। Raebareli news ।।

बीओबी की शाखा बेड़ारु बनी मिसाल, करोना संक्रमण से बचने के पुख्ता इंतजाम
रजनीकांत अवस्थी
शिवगढ़ /रायबरेली: महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस (कोविड-19) को लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा के कर्मचारी एवं शिवगढ़ पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
      विदित हो कि, कोरोना महामारी को रोकने के लिए देश में किए गए 21 दिनों के लॉकडाउन की अवधि में कोई भूखा ना रहे, लोगों को दवा एवं राशन के लिए किसी के सामने हाथ न फैलाना पड़े साथ ही गरीब परिवारों को भोजन बनाने में दिक्कतों का सामना ना करना पड़े, जिसके लिए सरकार द्वारा उज्जवला गैस योजना के लाभार्थियों व किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि की धनराशि, रजिस्टर्ड एवं मनरेगा श्रमिकों के खाते में 1000 रुपये , पेंशन धारकों के खाते में पेंशन भेजी गई है। 
      लॉकडाउन के चलते लोगों के काम-काज एवं आय के सभी स्रोत ठप हो गए हैं। जिसके चलते बैंक से रुपए निकालने के लिए व्यापारियों, उज्जवला गैस लाभार्थियों, श्रमिकों, किसानों, पेंशन धारकों,बचत खाता धारकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। जिसके चलते शिवगढ़ क्षेत्र के भवानीगढ़ चौराहे पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बेड़ारु में प्रतिदिन करीब 400 ट्रांजैक्शन होते हैं। बैंक के सामने अथवा बैंक के अन्दर भीड़ ना लगे जिसके लिए शाखा प्रबंधक आशीष कुमार यादव ने पूरी व्यवस्था कर रखी है। 
     शिवगढ़ पुलिस द्वारा किए जा रहे सराहनीय सहयोग से जहां बैंक के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ जमा नहीं होने पाती वहीं बैंक के अन्दर पेन्ट से टाइल्स पर एक एक मीटर की दूरी पर गोले बनवा दिए गए हैं। बैंक के बाहर लाइन में लोग सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रखें जिसके लिए पुलिस हिदायत देती रहती है। बैंक के अन्दर चेम्बर  दूर-दूर होते हुए भी सभी कर्मचारी मुंह पर मास्क, हाथों में ग्लव्स लगाकर रखते हैं।
      शाखा प्रबंधक ने सभी काउंटरों पर सैनिटाइजर की बोतल रखवा दी है। ताकि बैंक के सभी कर्मचारी 30-30 मिनट के के अंतराल पर अपने हाथों को सैनेटाइज करते रहें। यही नही बैंक के अन्दर दाखिल होने से पहले सभी उपभोक्ताओं के हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही उन्हे बैंक के अन्दर प्रवेश करने दिया जाता है। जिसके लिए बाकायदा बैंक के सुरक्षाकर्मी को लगाया गया है जो उपभोक्ताओं के हाथों को सैनिटाइज करता रहता है। वही बैंक के सभी कर्मचारियों के लिए बैंक के अन्दर गर्म पानी की व्यवस्था की गई है। 
      शाखा प्रबंधक आशीष कुमार यादव ने बताया कि प्रतिदिन करीब 400 ट्रांजैक्शन होते हैं सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। श्री यादव ने शिवगढ़ पुलिस का आभार प्रकट करते हुए कहा कि, शिवगढ़ पुलिस का बहुत अच्छा सहयोग मिल रहा है जिसके चलते। बैंक के अंदर और बाहर लोग पूरी तरह से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं।
       इस मौके पर बैंक स्टाफ से पुष्पा गौतम, संजय त्रिपाठी,अल्का टिर्की, अभिषेक कुमार, त्रिष्या वर्मा, लखवेन्दर तिवारी लोग लोगों को कोरोना वायरस के प्रति सचेत करते नजर आए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ