रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: पुरानी रंजिश और खेतों में जानवरों के चले जाने के मामले को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दो महिलाओं सहित 3 लोग घायल हो गए हैं। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर एक दूसरे के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है।
आपको बता दें कि, घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव अहमदगंज मजरे सलेथू की है। पुलिस को दी गई तहरीर में एक पक्ष की ओर से सिया वती पत्नी रामप्रताप ने आरोप लगाया है कि, प्रति पक्षी नीरज पुत्र राम सुमिरन आदि के जानवरों को उसके धान के खेत घुसकर फसल नष्ट कर रहे थे, इस पर जब उसने विरोध किया और जानवरों को खदेड़ने की कोशिश की, तो नीरज, उसका पिता राम सुमिरन, भाई कुलदीप, और मां रामवती लाठी डंडे लेकर उसको मारने लगे। वह जान बचाकर भागी, किंतु प्रतिपक्षी गणों ने दौड़ा-दौड़ा कर उसको बुरी तरह घायल कर दिया।
जबकि दूसरी ओर से नीरज कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि, पुरानी रंजिश के चलते खेतों में जानवर जाने का झूठा बहाना बनाकर दूसरे पक्ष के रामप्रताप व उसकी पत्नी सियापति तथा लड़की लक्ष्मी व लड़का विनोद कुमार ने लाठी-डंडों से लैस होकर नीरज कुमार के ऊपर हमला बोल दिया, यह देख नीरज को बचाने जब रामावती आई, तो उसे भी लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले में कोतवाल श्रीराम का कहना है कि, घायलों की डॉक्टरी कराई जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ