रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: आज क्षेत्र में कोरोना का बम फिर से फूटा। जबकि तहसील परिसर में एक संविदा कर्मी के पाजिटिव पाये जाने की खबर आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जब 32 लोगों की एंटीजन टेस्ट किट से जांच कराई, तो उसमें दो सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो तथा एक लेखपाल संक्रमित निकला। इससे तहसील में हड़कंप मच गया। जैसे ही यह खबर फैली पूरा परिसर थोड़ी ही देर में खाली हो गया। तहसील में मौजूद तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को ढाढस बधाया और पूरे तहसील परिसर को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं तहसील कर्मचारियों से जुड़े लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराना जारी है।
आपको बता दें कि, सोमवार की रात तहसील परिसर में काम करने वाले एक संविदा कर्मी की लखनऊ में हुई जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद आज तहसील खुलने पर हड़कंप मच गया। आनन फानन डॉक्टर भावेश कुमार के नेतृत्व में कोरोना चेक करने वाली टीम एंटीजन टेस्ट किट लेकर तहसील पहुंच गई, और 32 लोगों का परीक्षण किया गया। इनमें 2 सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो और एक लेखपाल संक्रमित पाए गए, सभी को तत्काल इलाज के लिए level-1 हॉस्पिटल भेज दिया गया है।
इसके अलावा सलेथू गांव में भी 29 लोगों का एंटीजेन टेस्ट किया गया है। तहसील परिसर को सनेटाइज कराया जा रहा है। इसके चलते बृहस्पतिवार को तहसील कार्यालय नहीं खुल सकेगा, साथ ही जांच का सिलसिला भी जारी रहेगा।





0 टिप्पणियाँ