ब्यूरो रिपोर्ट
लखनऊ: विधान भवन के ठीक सामने बने भाजपा मुख्यालय के गेट नम्बर दो पर मंगलवार को एक महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पुलिस की सक्रियता से महिला को बचाकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि, लालबाग चौकी इंचार्ज नरेंद्र राय के मुताबिक आज वह सहयोगी महिला सबइंस्पेक्टर निदा अर्शी के साथ हजरतगंज चौराहें पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी बीच एक महिला आयी और उसने अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा लिया। यह देखकर उन्होंने अपने महिला कर्मचारी के साथ कम्बल डालकर बुझाई और मामूली रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भर्ती कराया। सूचना पाकर अस्पताल में डीसीपी, एडीसीपी, इंस्पेक्टर के साथ तमाम पुलिस पहुंची और पीड़ित का हालचाल लिया।
पीड़ित ने अपने बयान में कहा है कि, महराजगंज के रहने वाले अखिलेश तिवारी से उसकी शादी हुई थी। कुछ साल बाद उसका तलाक हो गया था। इसके बाद उसने धर्म परिवर्तन करके आशिक रजा नाम के युवक से शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद उसका शौहर कमाने के लिए सउदिया चले गये। वहीं अब आसिफ के परिवार के लोग उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। इसी प्रताड़ना से आहत होकर उसने यह कदम उठाया है।
पुलिस कमिश्नर सुजीत पाण्डेय ने बताया कि, प्रथमदृष्टया जो पूछताछ पर पता चला है कि, पीड़ित महिला का नाम आरती तिवारी है, और वह जनपद महाराजगंज की रहने वाली है। पहले पति से उसका तलाक हो चुका है। उसने दूसरी शादी आशिक रजा नाम के युवक से की है। वह विदेश चला गया है, इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है। आगे की जांच चल रही है।

0 टिप्पणियाँ