आगरा: जनपद में कोरोना संक्रमण का प्रसार थम नहीं रहा है। रोजाना 100 से 200 संक्रमित मिल रहे हैं। कोरोना मरीजों की मौत हो रही है। इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरत रहे हैं। कोरोना कर्फ्यू में घरों से बाहर निकल रहे हैं। कोविड नियमों का पालन भी नहीं कर रहे। ऐसे लोगों पर पुलिस सख्ती बरत रही है, बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं है। इस बीच एक अजब-गजब मामला सामने आया है। सोमवार को थाना लोहामंडी क्षेत्र के नौबस्ता चौराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी घोड़े पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देख उसने घोड़े को भगाने का प्रयास किया, लेकिन घोड़ा भागने की बजाय रुक गया। इसके बाद पुलिस ने युवक को पकड़ लिया और उसका चालान कर दिया। आपको बता दे कि, उत्तर प्रदेश सहित आगरा जनपद में लगातार मिल रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते कोरोना कर्फ्यू की अवधि को 17 मई तक बढ़ा दिया गया है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सामान्य आवाजाही पर पाबंदी है। इसका पालन कराने के लिए पुलिस जगह-जगह चेकिंग कर रही है। सोमवार को लोहामंडी के नौबस्ता चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक घुड़सवार को पकड़ लिया। मिली जानकारी के मुताबिक घुड़सवार युवक नाम का छोटू है। वह थाना शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला है। छोटू ने मास्क नहीं लगाया था। पुलिस को देख उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन घोड़ा आगे नहीं बढ़ा। पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। कोविड नियमों का उल्लंघन करने पर उसका चालान कर दिया गया। पुलिस ने रविवार को भी शहर और देहात में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना मास्क के निकले 1695 लोगों का पुलिस ने चालान किया। हरीपर्वत इलाके में एसएसपी मुनिराज जी ने पैदल गश्त की। शाम तक शहर में 925 लोगों का चालान करके 1,40,800 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस ने 770 लोगों का चालान करके 2,35,400 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। ताजनगरी में 30 अप्रैल रात से कोरोना कर्फ्यू की पाबंदियां हैं। प्रशासन पाबंदियों में फिलहाल कोई ढील देने का जोखिम नहीं उठाना चाहता। अब 17 मई तक दूध, दवाई व राशन दुकानों के अलावा सभी बाजार बंद रहेंगे। आकस्मिक सेवाओं के लिए छूट है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों, गर्भवतियों व बच्चों के घर से बाहर निकलने पर रोक रहेगी।






0 टिप्पणियाँ