महराजगंज/रायबरेली: ब्लॉक परिसर में एक मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने को लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी विक्रम जैन और भाजपा के जिला महामंत्री शरद सिंह के मध्य मारपीट होने का मामला सुर्खियों में है। एक ओर जहां भुक्तभोगी ग्राम विकास अधिकारी विक्रम जैन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर भाजपा जिला महामंत्री शरद सिंह के विरुद्ध नुकीली वस्तु से चेहरे पर हमला कर घायल कर देने और जान से मार देने की धमकी देने का आरोप लगाया है, तो वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता शरद सिंह ने ग्राम विकास अधिकारी द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। जबकि मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने गए व्यक्ति ने उल्टे ग्राम विकास अधिकारी के ऊपर गाली गलौज करने तथा दलित उत्पीड़न निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने घायल ग्राम विकास अधिकारी को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा है। वहीं मामले में सत्ताधारी पार्टी के क्षेत्रीय विधायक समेत कई आला नेता सीएचसी पहुंच गए हैं और मामले में सुलह सपाटे का प्रयास किया जा रहा है।
आपको बता दें कि, मामला ग्राम पुरे छत्ता सिंह मजरे ओसाह थाना शिवगढ़ के रहने वाले सूर्य बक्स सिंह पुत्र राजबहादुर सिंह जिनकी मृत्यु विगत 4 अप्रैल 2021 को एक सड़क दुर्घटना में, जो घोरौना गांव के पास हुई थी। बताते हैं कि, घायल अवस्था में ही सूर्य बक्स सिंह को बछरावां के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी मौत हो गई थी। इसी मामले में मृतक के भाई धर्मपाल सिंह ने मृत्यु का स्थान घोरौना बताते हुए घोरौना में ही तैनात ग्राम विकास अधिकारी विक्रम जैन से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दे रखा था। धर्मपाल सिंह का आरोप है कि, विक्रम जैन 1 महीने से उनको टरका रहे थे, और यह भी आरोप है कि, वह इशारों इशारों में सुविधा शुल्क की मांग भी कर रहे थे। इसी बात को लेकर आज भाजपा जिला महामंत्री शरद सिंह और धर्मपाल सिंह के साथ कुछ लोग विक्रम जैन के कमरे में पहुंच गए, और मृत्यु प्रमाण पत्र बना कर देने की मांग पर अड़ गए। विक्रम जैन का आरोप है कि, शरद सिंह ने बातचीत के दौरान ही हाथ में कोई नुकीली चीज लेकर उनके ऊपर हमला बोल दिया। जिससे उनके चेहरे पर घाव हो गया। इसी बीच शरद सिंह के साथ आए धर्मपाल सिंह और कुछ अन्य लोगों ने उन्हीं के कमरे में उसकी जमकर पिटाई की, और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। विक्रम जैन ने मौजूद कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती बताई और लिखित तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। उधर दूसरी ओर जब शरद सिंह से बात की गई, तो उन्होंने सारे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि, वह मौके पर गए ही नहीं थे। सूचना मिलने पर जब मौके पर पहुंचे, तो मामला रफा-दफा हो चुका था। उन्होंने कहा कि, पीड़ित पक्ष उनके गांव का रहने वाला है, उन्होंने कई बार विक्रम जैन को मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए फोन से कहा, तो उन्होंने उनका नंबर ही ब्लॉक कर दिया। बल्कि उन्होंने आरोप लगाया कि, धर्मपाल जब आज गांव के ही एक दलित रामकिशोर के साथ विक्रम जैन के पास मृत्यु प्रमाण पत्र लेने गए, तो विक्रम जैन ने उल्टे उन दोनों से गाली गलौज करते हुए दलित रामकिशोर को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। मामले में सूचना मिलने पर बीडियो प्रवीण कुमार व अन्य कर्मचारी भी थाने पहुंचे और मामले की छानबीन की। उधर मामले में धर्मपाल सिंह द्वारा ग्राम विकास अधिकारी विक्रम जैन के विरुद्ध गाली गलौज वह साथ गए दलित रामकिशोर को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है। मामले में पुलिस ने घायल विक्रम जैन को सीएचसी महराजगंज मेडिकल के लिए भेज दिया है। वहीं मामले में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का नाम आने के बाद भाजपाई भी सक्रिय हो गए हैं। क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत सहित कई कद्दावर नेता सीएचसी महराजगंज पहुंच गए हैं। यहां कर्मचारी के साथ मामले को सुलह सपाटा कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष की एफ आई आर दर्ज होने की सूचना नहीं मिली है। मामले में क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह का कहना है कि, दोनों पक्षों से तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।






0 टिप्पणियाँ