शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बरहुंआ में बीते 20 जून 2021 को गांव निवासी भोले उर्फ आशू 27 पुत्र गुरु पासी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद अगले ही दिन उसकी पत्नी रानी के कथित रूप से शारदा सहायक नहर में छलांग मार देने के बाद अब तक उसका कोई अता पता नहीं लगा है। पुलिस ने भी ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर जाकर जांच के नाम पर फर्ज अदायगी की थी। किंतु तब से मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। ग्रामीणों के मन में इस बात को लेकर उत्कंठा बनी हुई है कि, आखिर रानी कहां चली गई। उसने जानबूझकर नहर में छलांग लगा कर जान देने की कोशिश की, अथवा किसी अज्ञात भय से वह कहीं छिप गई है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल रखा है। ग्रामीणों की मांग है कि, इस मामले में पुलिस सक्रिय होकर असलियत उजागर कर सामने लाए।
आपको बता दें कि, गांव निवासी गुरुप्रसाद पासी के लड़के गोलू उर्फ आशु जो शराब पीने का आदी था। गांव वालों का कहना है कि, वह 20/21 की रात दारू पीकर घर आया, और पति पत्नी में जमकर झगड़ा हुआ था। सुबह भोलू उर्फ आशू की लाश घर के सामने ही गले में साड़ी के फंदे से लिपटा उसका शव पाया गया था। हालांकि परिजनों ने गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया था। किंतु संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर पुलिस तक पहुंच गई, और पुलिस ने अंतिम संस्कार स्थल से शव को वापस मंगवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग बताया गया था। पुलिस जिसे आत्महत्या का मामला समझ कर चुप मार बैठ गई। वहीं दूसरी ओर पत्नी रानी को अगले ही दिन यानी 22 जून 2021 की सुबह लोगों ने लोटा लेकर नित्य क्रिया के लिए शारदा नहर की ओर जाते देखा था। कुछ लोगों का तो यह भी कहना है कि, गांव के बाहर जानवर चरा रहे कुछ लड़कों ने उसे शारदा नहर में छलांग मारते देखा। सूचना पर कोतवाल रेखा सिंह मय दल बल के मौके पर पहुंची और उसका पता लगाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन घंटो बीत जाने पर जब उसका नहर के दो/चार किलोमीटर तक पता नहीं चला, तो पुलिस वापस आकर बैठ गई है।
घटना को हुए चार-पांच दिन बीतने को है, लेकिन अब तक रानी का अता पता नहीं चला है। ग्रामीणों दिनेश त्रिवेदी, रामेश्वर वर्मा, राम निहोर बीडीसी, मंसाराम चौरसिया तथा जीतू रैदास आदि ने मांग की है कि, रानी के बारे में जांच कर उसका पता लगाया जाए।

0 टिप्पणियाँ