रायबरेली से बड़ी खबर: जमीनी विवाद के चलते युवक की जहरीला पदार्थ के खाने से हुई मौत, परिजन कर रहे अंतिम संस्कार की तैयारी, पुलिस बनी अनजान।। Raebareli news ।।

शिवाकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी मजरे पोखरनी में एक 28 वर्षीय किसान ने आवंटित भूमि पर पूरी तरह कब्जा न पाए जाने पर क्षुब्ध होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी महराजगंज लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले में पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को घर उठा ले गए हैं। मामला क्षेत्र भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि, तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।

    आपको बता दें कि, गढ़ी मजरे पोखरनी गांव में किसान राम अभिलाख 28 पुत्र रामसेवक यादव के बारे में चर्चा है कि, उसे 10 बिस्वा खेत मिला हुआ था। जिसको लेकर विवाद चल रहा था। यह भी आरोप है कि, गांव के दबंग लोगों ने उसके 10 बिस्वा खेत से उसका कब्जा जबरन हटवा दिया था। इससे क्षुब्ध होकर राम अभिलाख ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिवारीजन उसे यहां सीएचसी महराजगंज लाए। जहां राम अभिलाख का उपचार शुरू किया गया। बताते हैं कि, यहां राम अभिलाष ने डॉक्टरों को बताया कि, उसे जहर खिला दिया गया है। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे जिला अस्पताल रेफर किया।

    रेफर होने के बाद परिवारीजन काफी देर तक किराए का वाहन रायबरेली ले जाने के लिए तलाशते रहे, और राम अभिलाख की हालत बिगड़ती रही। अंत में किसी तरह वाहन पर लाद कर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके उपरांत परिजनों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचना देने के बजाय मृतक का शव घर उठा लाए हैं। पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। शव का अंतिम संस्कार करने की कार्यवाही चल रही है।

     इस मामले में कोतवाली प्रभारी रेखा सिंह से जब जानकारी ली गई, तो उन्होंने बताया कि, वह एक विवेचना के सिलसिले में बाहर हैं। घटना की सूचना अब तक पुलिस को नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ