रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: चुरुवा गांव में हुए चांदनी हत्याकांड का आक्रोश धीरे-धीरे लोगो में बढ़ता जा रहा है। बछरावां कस्बे में व्यापार मंडल के पदाधिकारियो के द्वारा कैंडल मार्च निकालकर चांदनी को न्याय दिलाने की मांग की है।
आपको बता दें कि, 16 जुलाई 2024 मंगलवार शाम 8:00 बजे के आसपास बछरावां व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मिलकर कैंडल मार्च गल्ला मंडी से शुरू कर लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर बुद्ध प्रतिमा होते हुए, जिला परिषद मार्केट के हनुमान मंदिर पर कैंडल मार्च समाप्त किया। जहां पर दो मिनट का मौन रख कर चांदनी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विदित हो कि, विगत दिनों चुरुवा में हुई महिला के साथ हैवानियत तथा उसके बाद पुलिस के द्वारा रात में ही डीजल पेट्रोल डालकर शव को जलाने का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के साथ बछरावां कस्बे में एक और नया मामला सामने आ गया जिसमें चुरुवा चौकी इंचार्ज अनुज तोमर के ऊपर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी आवाज उठाई है। पीड़ित युवती थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। जिसकी 17 वर्षीया नाबालिक बहन के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप कर तालाब के किनारे फेंक दिया था। जिस घटना के बाद न्याय के लिए दर-दर की ठोकर खाने के बाद पीड़ित युवती के परिवार को न्याय नहीं मिला।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि, चौकी इंचार्ज अनुज तोमर तथा थाना इंचार्ज विजेंद्र शर्मा के द्वारा 2 लाख रुपए लेने के बाद भी कार्यवाही नहीं की गई। जिसका युवती के पास पैसे के लेनदेन का ऑडियो भी मौजूद है।
एक साथ चौकी क्षेत्र के दो मामले सामने आ जाने से आम जनमानस में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है तथा पुलिस के इस रवैया को लेकर लोगों के द्वारा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।


0 टिप्पणियाँ