जमुरावां ग्राम सभा में मंसाराम को विजई घोषित किया गया कार्यवाहक ग्राम प्रधान

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: विकासखंड क्षेत्र के जमुरावां ग्राम सभा की नामांकन प्रक्रिया को विगत 14 मई 2024 को एसडीएम महराजगंज के न्यायालय द्वारा मौजूदा ग्राम प्रधान रोशन लाल की उम्र नामांकन समय 21 वर्ष से कम यानी 20 वर्ष 4 माह 28 दिन होने की वजह से निरस्त कर दी गई थी। तब से ग्राम प्रधान का पद रिक्त था और ग्राम सभा का विकास कार्य बाधित था, जिसको लेकर जमुरावां ग्राम सभा के निर्वाचित ग्राम सदस्यों ने जिला पंचायत राज अधिकारी से मांग किया था कि, वर्तमान ग्राम प्रधान के पदच्युत होने के बाद ग्राम सभा का विकास कार्य बाधित है।

    आपको बता दें कि, जमुरावा ग्राम सभा के निर्वाचित ग्राम सदस्यों द्वारा वैकल्पिक ग्राम प्रधान के आग्रह की मांग को संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने कार्यवाहक ग्राम प्रधान के चयन हेतु स्वीकृत पत्र खंड विकास अधिकारी व सहायक विकास अधिकारी महराजगंज को दिया था। 

    उधर कार्यवाहक ग्राम प्रधान के चयन हेतु स्वीकृति मिलने के बाद खंड विकास अधिकारी वर्षा सिंह द्वारा सतीश कुमार चतुर्वेदी सहायक विकास अधिकारी पंचायत को इस कार्य के लिए नामित किया गया। श्री चतुर्वेदी ने टीम के साथ भारी आदत में पुलिस बल की मौजूदगी में गांव पहुंच कर पूर्व सूचना के आधार पर पंचायत भवन जमुरावां में 11 निर्वाचित सदस्यों की मौजूदगी में चुनाव संपन्न कराया गया।

    श्री चतुर्वेदी द्वारा सबसे पहले मौजूद सभी सदस्यों से विकल्प पूछे जाने पर एक स्वर में सभी ने हाथ उठाकर चुनाव संपन्न करने का विकल्प दिया, जिस पर एडीओ पंचायत ने मत विभाजन कराया। इसके तहत कार्यवाहक प्रधान प्रत्यासी मंसाराम को सर्वाधिक सात मत मिले, जबकि प्रतिद्वंदी नरेंद्र को उसके स्वयं के मत समेत कुल तीन मत प्राप्त हुए। इस प्रकार चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई और मंसाराम को कार्यवाहक ग्राम प्रधान के रूप में विजई घोषित किया गया। 

     मतदान के दौरान कुल 11 सदस्य मौके पर मौजूद रहे। जिसमें प्रमुख रूप से शीला देवी त्रिपाठी वार्ड नंबर 1, दयावती वार्ड नंबर 2, सरजू प्रसाद निर्मल वार्ड नंबर 9, मंसाराम वार्ड नंबर 12, शिवकुमार वार्ड नंबर 13, शीतला प्रसाद वार्ड नंबर 14, रजकला वार्ड नंबर 15, सतीश कुमार वार्ड नंबर 11, संतराम वार्ड नंबर 3, नरेंद्र कुमार वार्ड नंबर 8 के अलावा चुनाव की अध्यक्षता कर रही वार्ड नंबर 10 की सदस्या विद्यावती मौजूद रही। 

   इसके अलावा राजेश कुमार वार्ड नंबर 4, राकेश कुमार वार्ड नंबर 5, माधुरी वार्ड नंबर 6 और जगदीश वार्ड नंबर 7 कार्यवाहक ग्राम प्रधान के चुनाव में शामिल नहीं रहे।

    सतीश कुमार चतुर्वेदी सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने बताया कि, जमुरावां ग्राम सभा के कार्यवाहक ग्राम प्रधान का चुनाव सकुशल पारदर्शिता के साथ दो प्रत्याशी के बीच हाथ उठाकर संपन्न कराया गया। मौके पर मौजूद 11 निर्वाचित सदस्यों में सर्वाधिक सात लोगों ने मंसाराम के पक्ष में हाथ उठाकर स्वीकृति दी, तो वहीं नरेंद्र कुमार को उनके स्वयं के मत के साथ कुल तीन मत ही मिले। सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले मंसाराम को कार्यवाहक ग्राम प्रधान पद के लिए विजई घोषित किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ