नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 130 मरीजों का हुआ इलाज

रजनीकांत अवस्थी
शिवगढ़/रायबरेली: आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देहली में स्थापित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय भौसी के प्रभारी डॉ. राजेश कुमार व स्टाफ द्वारा ग्राम पंचायत देहली के बलेथा गांव में नि:शुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारम्भ ग्राम प्रधान अवधराम रावत ने फीता काटकर किया। स्वास्थ्य शिविर में दांत दर्द, उदर रोग , खांसी व चर्म रोग के मरीजों की संख्या ज्यादा राही। इस मौके पर पूर्व प्रधान जितेंद्र वर्मा उर्फ बबलू, फार्मासिस्ट चंद्रभान सिंह, विष्णु प्रसाद सहित काफी संख्या में मरीज एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
     आपको बता दें कि, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय प्रभारी राजेश कुमार ने शिविर में आए मरीजों को जागरूक करते हुए कहा कि, मौसम परिवर्तित होते समय अपने बचाव का विशेष ध्यान रखें। पानी उबालकर पिए ,अपने घरों के आस-पास पानी इकट्ठा ना होने दें।
       डॉ राजेश का कहना है कि, यदि सावधानी बरती जाए तो काफी हद तक बीमारियों से बचा जा सकता है। चिकित्सा प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि, शिविर में कुल 130 मरीज आए थे। जिनका स्वास्थ्य परीक्षण करने के पश्चात सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गई गई। 
     विदित हो कि, जब से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देहली में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय स्थापित हुआ है मरीज काफी सहज महसूस कर रहे हैं। यही नही आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत गांव-गांव स्थापित होने वाले नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन में ग्रामीणों का पूरा सहयोग मिल रहा है। पूर्व प्रधान जितेंद्र वर्मा ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि, गांवों में आयोजित होने वाले नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर मरीजों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसे शिविरों के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ