कोरोना की बेशर्मी ध्वस्त करने के लिए धर्मगुरूओं, जनता तथा प्रशासन की सरगर्मी बढ़ी

6 शहरों के धर्म प्रमुखों से वीसी में मिर्जापुर भी शामिल-
जेल में औचक पहुंचे DM-SP---
रात 9 बजे दीप प्रज्ज्वलन पर जयकारे से गूंज उठा विंध्य क्षेत्र----
मिर्जापुर । दो-चार हजार सालों के रिकार्ड में सबसे जहरीले वायरस कोरोना की बेशर्मी को चुनौती देने के क्रम में जहां मौसम ने अंगड़ाई लेना शुरु किया है और तापमान में गर्मी दिखी वहीं प्रशासन के साथ धर्मगुरुओं की सरगर्मी से कोरोना की मौत का रास्ता खुलता नजर आ रहा है । प्रदेश के 6 धर्मस्थानों के धर्म गुरुओं/मौलानाओं के साथ मुख्यमंत्री के वीडियो कांफ्रेंसिंग में  विंध्याचल मंडल को भी स्थान दिए जाने से मंडल इतराता हुआ दिखाई पड़ा । इटावा जेल में मारपीट की घटना के मद्देनजर एहतियातन DM एवं SP जेल के अंदर जाकर कोना-कोना झांके ।
इसी के साथ PM के कोरोना रूपी दैत्य को जलाकर खाक करने की अपील पर विंध्याचल मन्दिर सहित लगभग हर मंदिरों के अलावा घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए । PM की उम्मीदों से अधिक जिले में दीए के साथ शंख भी बजे । पटाकों के साथ 'हर-हर महादेव' और 'बोलो मां विन्ध्यवासिनी की जय' से सर्वविद्धा प्रदोष तिथि पर एकबारगी लगा कि कैलाश से महादेव माता पार्वती के साथ विंध्यधाम में आ गए हैं ।
जेल में आकस्मिक मुआयना---
मिर्जापुर में पोस्टिंग से ही किसी न किसी महासमस्या से लड़त-जूझते DM श्री सुशील कुमार पटेल अपने अनुभवी SP डॉ धर्मवीर सिंह के साथ रविवार को जेल पहुंचे । यहां सोशल डिस्टेसिंग तो संभव नहीं लिहाजा नए कैदियों को 14 दिन आइसोलेट कर परीक्षण के बाद बैरक में भेजने की व्यवस्था जेल अधीक्षक श्री अनिल कुमार राय द्वारा की गई है । यहां से 8 सप्ताह के लिए 28 बंदियों को शासन से पेरोल पर तथा 34 विचाराधीन बंदियों को अंतरिम जमानत पर छोड़ा गया है ।
विंध्यधाम जगमगाया ---
विंध्यपण्डा समाज के तेज-तर्राक एवं समन्वयवादी अध्यक्ष श्री पंकज द्विवेदी की अगुवाई में मंदिर में शास्त्रानुसार 108 दीप पीएम की अपील को समर्थन देने के इरादे से प्रज्ज्वलित किए गए । इस काम में उनके मंत्री श्री भानु पाठक, श्री गौतम द्विवेदी, श्री गुंजन मिश्र, श्री तेजन गिरि एवं श्री धर्मेंद्र पांडेय दत्तचित भाव से लगे थे । यहां भी जयकारे की गूंज विषाणुओं का हृदय विदीर्ण करने वाली थी ।
धर्म क्षेत्र के लोग सहयोग भाव में-  
कोरोना के षट्चक्र को तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने 6 स्थानों के विविध धर्मावलंबियों को एकजुट किया तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की । 6 शहरों में लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या, काशी, सहारनपुर के साथ विंध्याचल मंडल भी था । जहां लखनऊ से मनकामेश्वर मंदिर की अधिष्ठाता महन्थ देव्या गिरि एवं मुस्लिम समाज के मौलाना फिरंगी महल थे तो विंध्याचल से पंडा समाज के अध्यक्ष श्री पंकज द्विवेदी और मुस्लिम समाज से शहर काज़ी मौलाना नज़म अली एवं मौलाना नौशाद भी थे । CM ने सबसे सहयोग माँगा तथा कहा कि 15 अप्रैल से बेहतरी के लिए सब साथ दें तो कोरोना के दुष्प्रभावों को वे जड़ से खत्म कर देंगे ।
नगर विधायक ने घर पर दीए जलाए--
पूतोहित वर्ग के होने के नाते नगर विधायक श्री रत्नाकर मिश्र के घर  पहुंचे लोगों ने उनके विंध्याचल स्थित आवास पर दीप-प्रज्ज्वलन में भागीदारी की ।
गायत्री होटल के 22 कमरे मेडिकल स्टाफ के लिए सुरक्षित--
विंध्याचल में न्यू वीआईपी पर स्थित पत्रकार श्री राजेश मिश्र के गायत्री होटल को प्रशासन ने मेडिकल स्टाफ के लिए ले लिया है । 22 कमरों को लिया गया है । इसमें रुकने वाले स्टाफ के भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था होटल द्वारा की जाएगी जिसके बदले में प्रतिदिन प्रति कमरे 15 सौ का भुगतान किया जाएगा ।
राष्ट्र धर्म को वरीयता
इसी क्रम में नटवा स्थित शेम्फोर्फ़ स्कूल को भी प्रशासन ने सुरक्षित कर ले लिया है । डायरेक्टर श्री विवेक वर्णवाल जो सामाजिक कामों में आगे रहते हैं, का मानना है कि इस संकट की घड़ी में व्यवस्था में सहयोग करना ही राष्ट्रधर्म है ।
                      -सलिल पांडेय, मिर्जापुर ।
©लेखक की अनुमति के वगैर नाम एडिट कर प्रयोग करना नियम विरुद्ध है और लेखन चोरी का अपराध है ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ