वेंटिलेटर पर महाराजगंज की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: बछरावां 132 विद्युत के ट्रांसफार्मर में मेजर फाल्ट के चलते आज दिनभर महराजगंज क्षेत्र की बिजली गुल रही। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी और पेय जल की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यही नहीं चार्जिंग के अभाव में डिस्चार्ज हो गए मोबाइल पर कोई कामकाज नहीं हो सका। जिससे लोगों में रोष देखा गया।
      आपको बता दें कि, महराजगंज क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति का हाल पिछले कुछ समय से  बहुत बुरा है। वैसे तो रोजाना रोस्टिंग के अनुसार कटौती नियमित रूप से होती ही रही है, किंतु आए दिन प्राय: दिन में 10 से 20 बार  लोकल फाल्ट ठीक करने के नाम पर कटौती की जाती रही है। जिससे उपभोक्ता खासे परेशान रहे हैं। बार-बार अधिकारियों से शिकायत होने के बावजूद भी समस्या का कोई निदान नहीं निकल रहा था। 
    वहीं बृहस्पतिवार को रोस्टिंग के तय समयानुसार 9:30 बजे सुबह  बिजली गुल हुई, तो पूरे दिन आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। जबकि दिन भर भीषण उमस के चलते लोग पसीने से तरबतर रहे। इस दौरान ना तो मोबाइल सेट ही चार्ज हो सके। बल्कि कस्बे समेत आस पास के पेयजल समूह योजनाओं के ठप रहने से लोगों को पेयजल तक नहीं नसीब हो सका।
      पता करने पर विद्युत कर्मियों ने बताया कि, महराजगंज से अमांवा  को जाने वाली केबल जल गई थी। उसकी वजह से आपूर्ति बंद कर दी गई। वहीं शाम को यह भी खबर आई कि, बछरावां में 132 केवी पावर स्टेशन के मुख्य ट्रांसफार्मर के पैनल जल गए हैं। जिन्हें बनाने का काम जारी है। इसको बनने में कितना समय लगेगा यह भी अधिकारी नहीं बता सके।
     ज्ञात हो कि, बदहाल दशा में चल रहा बीएसएनल पूरी तरह से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर निर्भर है। जब तक बीएसएनल के स्थानीय टावर पर विद्युत आपूर्ति रहती है। तब तक टावर काम करता है। विद्युत के जाते ही टावर काम करना बंद कर देता है। क्योंकि यहां लगा जनरेटर खराब बताया जाता है। इससे बीएसएनएल का नेटवर्क गायब हो जाता है।
      गौरतलब है कि, सभी सरकारी विभागों में अधिकारियों को जो सीयूजी नंबर दिए गए हैं, वह सब बीएसएनल से है। इसलिए अधिकारियों का सीयूजी नंबर बंद हो जाता है। इससे अधिकारियों के अलावा आम जनता जनप्रतिनिधियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। आज बिजली गुल रहने से महराजगंज नगर, नवोदय विद्यालय व ग्रामीण क्षेत्र के चंदापुर, हरदोई, हेलोर,डेपार मऊ आदि फीडरो पर भी विद्युत गुल रही। जिससे लगभग 50,000 उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी थी।
      इस बारे में एसडीओ महराजगंज से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि, बछरावां में फाल्ट आ जाने से आपूर्ति ठप हो गई है। फाल्ट ठीक होते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ