दिव्य रामनगरी में बनेंगे चार भव्य प्रवेश द्वार

ब्यूरो रिपोर्ट
अयोध्या: राममंदिर की दिव्यता को रामनगरी में बनने वाले चार भव्य प्रवेश द्वार द्विगुणित करेंगे। नगर की चारों सीमाओं पर भव्य प्रवेश द्वार आगंतुकों का स्वागत करेंगे, जिससे उन्हें पांव धरते ही रामनगरी की दिव्यता का एहसास हो जाएगा।
  आपको बता दें कि, नव्य अयोध्या के प्रस्ताव में नगरी की चारों दिशाओं में चार प्रवेश द्वार बनाने की योजना तैयार की गई है। एक द्वार पर करीब एक करोड़ की लागत का अनुमान है। इन्हें पूरा करने का कार्य लोक निर्माण विभाग और नगर निगम मिल कर करेंगे। जुड़वां शहरों में चार प्रवेश द्वार चिह्नित कर लिए गए हैं।    अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने के लिए थ्री-डी इमेज का प्रयोग किया जाएगा। इस योजना का खाका तैयार कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वार बनाएगा और नगर निगम उनका सुंदरीकरण करेगा। इन स्थानों पर खूबसूरत लाइटिंग के लिए स्मार्ट एलईडी का इस्तेमाल होगा। इसके अलावा बस यात्रियों के लिए स्मार्ट शेल्टर विकसित होंगे। योजना पर चार करोड़ से अधिक खर्च होने का अनुमान है। नगर आयुक्त डॉ. नीरज शुक्ल के मुताबिक, रामनगरी के विकास को लेकर तैयार की गई योजना में शहर के इंट्रेंस प्वाइंट को विकसित किया जाना भी शामिल है।
यहां प्रस्तावित है प्रवेश द्वार
सआदतगंज
नवीन मंडी
नाका
नयाघाट
डिजिटल स्क्रीन पर दिखेंगे धार्मिक आयोजन
अयोध्या में होने वाले  धार्मिक व सांस्‍कृतिक आयोजनों का प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रमुख स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन लगाए जाने की योजना भी प्रस्तावित है। इन स्क्रीनों पर रामायण भी देखने को मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ