रजनीकांत अवस्थी
अम्बेडकर नगर: विवेकानन्द शिशु कुञ्ज सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल एनटीपीसी टाण्डा में आज शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर साल 25 जनवरी को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य भारत में चुनावों में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ाना और लोकतंत्र को मजबूत करना है। इस दिन को भारत निर्वाचन आयोग ने 2011 में शुरू किया था। यह दिवस नए मतदाताओं को मतदान के अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए महत्वपूर्ण होता है। इसके जरिए लोगों में चुनावी प्रक्रिया के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को बढ़ावा दिया जाता है।
आपको बता दें कि, प्रधानाचार्य ने कहा कि, राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुरुआत 25 जनवरी 2011 को हुई थी। भारत सरकार ने इसे चुनाव आयोग के गठन की 61वीं वर्षगांठ के मौके पर मनाने का निर्णय लिया था। इसकी घोषणा तत्कालीन सूचना एवं प्रसारण मन्त्री अम्बिका सोनी ने की। इस दिन का उद्देश्य अट्ठारह वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी भारतीय नागरिक सही एवं राष्ट्र हितैषी सरकार चुनने के लिए अपने मत का प्रयोग करें। इस पुनीत राष्ट्रीय महायज्ञ में अधिक से अधिक नागरिकों को चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना व मतदान के लिए प्रेरित करना है। तब से हर साल इस दिन को बड़े धूमधाम से मनाया जाता है।
अन्त में विद्यालय का प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं एवं आचार्य, आचार्या बहनों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर स्वयं जागरूक रहकर राष्ट्र हित में निष्पक्ष मतदान करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य बन्धु, आचार्या बहनें एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ