रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के चंदापुर चौराहे पर मोटरसाइकिल खड़ी करके कागजात फोटोस्टेट कराने गए एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है।
आपको बता दें कि, कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे कर्मशेरगढ़ मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला के रहने वाले दिनेश कुमार पुत्र गया प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि, वह आज दिन में लगभग 12:00 बजे घर से महराजगंज कस्बे अपनी मोटरसाइकिल संख्या यूपी 33 एस 9132 टीवीएस स्टार लेकर आए थे, मोटरसाइकिल चंदापुर चौराहे पर खड़ी करके वह अपनी फोटो बनवाने और कागजात फोटोस्टेट कराने चले गए, जब लौट कर आए, तो देखा मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। उसने मोटरसाइकिल को काफी तलाश किया, किंतु कहीं पता नहीं चला। थक हार कर दिनेश कुमार ने कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी है।
कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया है कि, मामला संज्ञान में आया है, जांच कर उचित कार्यवाही की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ