रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: क्वार मास की पूर्णमासी को लगने वाला यहां बछरावां कस्बे का दशहरा मेला इस बार महामारी को देखते हुए नहीं लगेगा। प्रशासन द्वारा केवल रावण दहन व राम के राज्याभिषेक की झांकी के ही पूजन की अनुमति प्रदान की गई है।
आपको बता दें कि, दशहरा मेला कमेटी के प्रबंधक शशिकांत मिश्र ने बताया कि, प्रशासन से अनुरोध किया गया था कि, कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के दरबार की झांकी निकालने की अनुमति दी जाए, परंतु प्रशासन द्वारा महामारी का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासन द्वारा दी गई अनुमति के मद्देनजर प्रातः काल राज्याभिषेक हेतू वैदिक मंत्रोचार के बीच मुकुट पूजन संपन्न हुआ। साय़काल बगैर रामलीला मंचन राम के द्वारा अग्नि अस्त्र संधान कर रावण वध किया गया। राम के अग्निबाण छोड़ते ही धू-धू कर रावण जल उठा। इसके बाद राम दरबार की पूजा अर्चना की गई। राम दरबार के लिए पुराने नगर पंचायत कार्यालय पर सभी पात्रों को सजा कर वाहन से पुतला दहन स्थल तक लाया गया। हालांकि आयोजकों द्वारा पूर्णरूपेण शासनादैश का अनुपालन किया गया। परंतु सरकार के इस फरमान के चलते आम नागरिक में भारी आक्रोश रहा।
लोगों ने यहां तक कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुखिया योगी को सदियों से लगने वाले इस मेले में तथा रामलीला मंचन में कोरोनावायरस दिखाई पड़ रहा है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के सारे नेता बिहार में धुआंधार रैलियां कर रहे हैं। वहां कोई कोरोनावायरस नहीं है। वहीं प्रबुद्ध वर्ग का कहना है कि, बछरावां में प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को लगने वाली साप्ताहिक बाजार में धुआंधार भीड़ होती है। दशहरा मेले के अंदर इससे ज्यादा भीड़ ना होती, प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के तहत कार्य करना उनकी बाध्यता है।
ज्ञात हो कि, बछरावां दशहरा का यह कार्यक्रम हिंदू मुस्लिम एकता का प्रतीक माना जाता है, और सैकड़ों वर्ष पुराना है। रामलीला मंचन करने वाली समिति का नाम ही हिंदू-मुस्लिम रामलीला कमेटी रखा गया था। इस रामकथा मंचन में कितने ही पात्रों का अभिनय क्षेत्र के मुस्लिम युवकों द्वारा निभाया जाता रहा है। कार्यक्रम के आयोजन में मेला कमेटी के अध्यक्ष चेयरमैन शिवेंद्रसिंह उर्फ रामजी प्रबंधक शशिकांत मिश्र, सतीश सिंह, दुर्गेश शुक्ला, लोकेश शुक्ला, राम कुमार सोनी आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




0 टिप्पणियाँ