रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर दामोदर खेड़ा के पास लखनऊ की तरफ रहे एक डीसीएम द्वारा रोड पर पहले से खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी, जिसके चलते डीसीएम में आगे बैठे चालक व परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। एनएच की एंबुलेंस द्वारा तत्काल दोनों को बछरावां अस्पताल लाया गया, परंतु रास्ते में ही चालक की मौत हो गई, तथा परिचालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
आपको बता दें कि, घटना क्रम के अनुसार बीते रविवार रात लगभग 1:00 बजे बैरहना रायबरेली निवासी गुड्डू व परिचालक युसूफ रायबरेली से कबाड़ लादकर लखनऊ जा रहे थे, जैसे ही उनकी गाड़ी घटनास्थल के पास पहुंची आगे पहले से खड़े एक ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, डीसीएम के अगले भाग के परखच्चे उड़ गए, और चालक तथा परिचालक दोनों गाड़ी से बाहर जा गिरे, दुर्घटना होते ही हड़कंप मच गया। राहगीरों व एन एच के कर्मचारियों द्वारा तत्काल दोनों को बछरावां अस्पताल लाया गया, परंतु रास्ते में ही गुड्डू की मौत हो गई, तथा यूसुफ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। कयास यह लगाया जा रहा है कि, यह हादसा चालक को नींद आ जाने के कारण घटित हुआ।





0 टिप्पणियाँ