कार्तिकेय इंडस्ट्रीज एवं महिमा धर्म कांटा का हुआ भव्य उद्घाटन समारोह

व्यापार के जरिए भी की जा सकती है समाज सेवा-रामकुमारी साहू

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाना तथा उच्च गुणवत्ता युक्त चावल निर्माण करना, साथ ही साथ क्षेत्रीय लोगों को रोजगार मुहैया कराना हमारा लक्ष्य है। इसी लक्ष्य को लेकर हमने कार्तिकेय इंडस्ट्रीज एवं महिमा धर्म कांटा कंप्यूटराइज की स्थापना इस ग्रामीण अंचल में करने का काम किया है। यह उद्गार नारायनपुर मजरे मोन गांव के रहने वाले युवा उद्यमी शैलेंद्र प्रताप उर्फ राहुल साहू ने अपनी इंडस्ट्रीज के उद्घाटन होने के बाद लोगों से बातचीत में कही है।

     आपको बता दें कि, बेहद गरीब परिवार में जन्मे राहुल साहू ने अपने पिता के साथ मिलकर गल्ले की खरीद-फरोख्त के व्यापार से हुनर सीखा, और धीरे-धीरे करके वह एक एक कदम आगे बढ़ते जा रहे हैं। इसी क्रम में राहुल साहू द्वारा महराजगंज इन्हौना रोड पर खेरवा गांव के समीप एक राइस मिल लगाई है। जिसका उद्घाटन उन्होंने वैदिक मंत्रों के आवाहन के बाद हवन पूजन करके किया। राइस मिल का उद्घाटन करने के लिए उन्होंने किसी नामी-गिरामी हस्ती को न बुला कर अपनी पूजनीय माताश्री राम कुमारी साहू के करकमलों से फीता कटवाया, सारे धार्मिक अनुष्ठान उन्हीं के द्वारा कराए। इस मौके पर बड़ी तादाद में क्षेत्रीय छोटे-छोटे गल्ला के व्यापारी और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।

    इसी क्रम में उन्होंने राइस मिल के सामने ही महिमा धर्म कांटा के नाम से धर्म कांटा का भी शुभारंभ अपनी माताश्री के हाथों से ही कराया। उसके बाद प्रसाद वितरण व स्वल्पाहार का आयोजन भी किया गया। जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए शैलेंद्र प्रताप उर्फ राहुल साहू ने कहा कि, उनकी सोच है कि, इस राइस मिल कार्तिकेय इंडस्ट्रीज के जरिए किसानों को अच्छे मूल्यों पर उनकी उपज की खरीद हो सके, तथा उन्हें गल्ले की नापतोल के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। इसलिए इलेक्ट्रॉनिक पद्धति का धर्म कांटा भी लगवाया गया है। 

     उन्होंने उम्मीद जताई है कि, इस कार्य से न केवल किसानों को लाभ पहुंचेगा। बल्कि दोनों व्यवसाय में स्थानीय युवकों को रोजगार भी मिलेगा। धान खरीद बिक्री में भी छोटे व्यापारियों को पूरी सहूलियत दी जाएगी। उनका उद्देश्य धन कमाना बाद में, क्षेत्रीय किसानों बेरोजगारों और छोटे खुदरा व्यापारियों को सुविधा देकर उन्हें लाभान्वित करना है। इस मौके पर राहुल साहू की मां राम कुमारी ने अपने पुत्र की विलक्षण सोच व उसकी अद्भुत कार्यशैली से काफी प्रसन्न नजर आई, और उन्होंने कहा कि, उनका परिवार जियो और जीने दो की परंपरा पर चलकर व्यापार कर रहा है। उन्होंने कहा कि, व्यापार के माध्यम से भी अच्छी समाज सेवा की जा सकती है। इसका उदाहरण उनका पुत्र राहुल साहू साबित करके दिखाएगा। उन्होने आशा जताई कि, भविष्य में राहुल साहू प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेंगें, तथा समाज को नई दिशा दिखाने का काम करेगा। इस मौके पर श्याम लाल साहू, राम शरण साहू, हरि शरण साहू, सुरसरि साहू, जयप्रकाश साहू, सुनीता साहू, लल्लन सिंह, मन्नू सिंह, अजय सिंह सहित सैकड़ों की तादाद में लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ