नरई गांव में हुए मोनू हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दोस्त ही निकला दोस्त का कातिल।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली पुलिस ने विगत शुक्रवार की रात क्षेत्र के नरई मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में सड़क के किनारे गड्ढे में मृत पाए गए 18 वर्षीय किशोर मोनू पुत्र हीरालाल की मौत के राज का खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि, मोनू की हत्या उसी के जिगरी दोस्त 17 वर्षीय संदीप मौर्य पुत्र राम कुबेर मौर्य निवासी नरई मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला ने शौच के बहाने ले जाकर अंजाम दिया था। मामले में एक ही लड़की से दोनों के प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर हत्या का होना बताया गया है।

    आपको बता दें कि, विगत शुक्रवार की रात गांव निवासी हीरालाल पासी का 18 वर्षीय पुत्र मोनू महराजगंज से वापस आने के बाद घर पहुंचा था, तभी रात 8:00 बजे उसके गांव का ही संदीप कुमार मौर्य 17 वर्ष उसे नित्य क्रिया के लिए चलने की बात कह कर गांव के बाहर ले गया था। संदीप थोड़ी देर बाद खुद लौट आया। लेकिन मोनू के घर वापस ना पहुंचने पर मोनू के घरवालों ने उसकी तलाश की, किंतु कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने संदीप से भी उसके घर जाकर जानकारी ली थी। जिस पर संदीप ने उसके बारे में कोई जानकारी होने से इनकार करके पल्ला झाड़ने की कोशिश की थी। लेकिन संदीप के भीगे कपड़े और चेहरे पर घबराहट देख घरवालों को शंका हुई थी।

     इसके बाद गांव से लगभग 700 मीटर दूर डीहा की तरफ सड़क के किनारे पानी भरे गड्ढे में औंधे मुंह मोनू पड़ा पाया गया था। जिसे लेकर पुलिस सीएचसी पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक मोनू के चेहरे पर ठुड्ढी के पास और सिर के पीछे चोट के निशान थे। कानों से खून बह रहा था। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने के बाद संदीप कुमार मौर्य को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी।

      प्रभारी निरीक्षक श्रीराम ने अभियुक्त संदीप मौर्य से विस्तार से पूछताछ की, पहले तो संदीप ने पुलिस और एसओजी के अधिकारियों को काफी परेसा करनी की कोशिश की, लेकिन पुलिस के वाकजाल में आखिरकार संदीप फस गया और उसने कबूल लिया की, प्रेम प्रसंग में जलन रखने के चलते उसने ही शौच के बहाने मोनू को गांव से दूर ले जाकर पानी के गड्ढे के पास ईट से उसके सिर और चेहरे पर वार किया, और उसे पानी में ढकेल आया था। पोस्टमार्टम के मुताबिक सिर में गहरी चोट और रक्त स्राव के चलते मोनू की मौत हो गई थी। 


    17 वर्षीय संदीप कुमार के जुल्म इकबाल कर लेने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त पर हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली है, और अभियुक्त संदीप कुमार को नियमानुसार चालान कर दिया गया है।

    इनसेट.....क्या? मौत से पहले संदीप और मोनू में झगड़ा भी हुआ था

   नरई गांव से मिली जानकारी के मुताबिक मौके पर संदीप और मोनू के बीच पहले हाथापाई भी हुई थी, यह भी पता चला है कि, मारपीट के दौरान संदीप के कान पर चोट भी आई थी, घर वापस लौटने के बाद संदीप बाइक से महराजगंज कस्बे गया, और अपना इलाज करवा कर लौट आया था। संदीप के परिजनों ने जब यह पूछा कि, चोट कैसे लगी, तो उसने कुछ बताने से इनकार कर दिया था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ