रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: पुरानी कहावत है कि, चोरी की चोरी ऊपर से सीना जोरी। यह कहावत मंगलवार के दिन कोतवाली क्षेत्र के गांव बघेल की है। जबकि दबंगों ने पहले तो पकने को खड़ी फसल को पानी से डुबो दिया, जब उनसे इसकी वजह पूछी गई, तो उन्होंने हड़काते हुए कहा कि, पानी उन्होंने भरा है, जो करना है कर लो। दबंग इतने पर भी नहीं माने, और बाजार में चाय की दुकान पर चाय पी रहे भुक्तभोगी के पति को मारने के लिए दौड़ा लिया। किसी तरह भुक्तभोगी के पति ने एक घर में घुसकर शरण ली, और डायल 112 नंबर पुलिस को फोन कर बुलाया। तब जाकर उसकी जान बची। यह भी आरोप है कि, दबंगों ने कहा है कि, जहां कहीं यह अकेले मिल जाए इसको मार कर गिरा देंगे।
आपको बता दें कि, मामला कोतवाली महराजगंज के गांव बघेल का है। कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी अनूप सिंह की पत्नी रीता देवी ने बताया कि, गांव में उसका खेत गांव के ही दशरथ सिंह पुत्र राम बक्स सिंह के खेत के बगल में है। बीती रात दशरथ सिंह ने अपने खेतों में पानी लगाया था, और उसको खेत में पर्याप्त पानी मिला, तो सरारतन उसने पानी अपनी मेड से काटकर उसकी खेत की ओर कर दिया। जिससे उसकी पकने को खड़ी गेहूं की फसल डूब गई, और पूरी फसल पानी भरने से गिर कर बर्बाद हो गई।
यह नजारा देख रीता देवी ने दशरथ सिंह से पूछा कि, यह कैसे हुआ, तो दशरथ सिंह ने पलट कर जवाब दिया कि, उसने ही पीड़िता के खेत में पानी भर दिया है, उसे जो करना है जाकर कर ले, और गाली गलौज करता हुआ दशरथ सिंह चला गया।इसके पश्चात रीता ने घर आकर यह बात अपने पति अनूप सिंह को बताई, तो अनूप सिंह उलाहना देने प्रतिपक्षीगणों के घर जा रहा था, रास्ते में वह चाय पीने एक दुकान पर बैठ गया, तभी दशरथ के भाई सूबेदार सिंह, अरुण सिंह तथा सुधीर सिंह मौके पर आ गए। आरोप है कि, दशरथ सिंह साथ में अपनी लाइसेंसी बंदूक भी लिए था, चारों ने आकर अनूप सिंह को घेर लिया, और मारने की धमकी दी। लेकिन किसी तरह जान बचाकर अनूप सिंह पड़ोस के एक घर में घुस गया, और अंदर से कुंडी लगा ली। जबकि प्रतिपक्षगण बाहर से ललकार रहे थे, और चुनौती दे रहे थे कि, मर्द के बच्चे हो तो बाहर निकलो, आज मार कर गिरा देंगे।
इस पर खतरा भांपते हुए अनूप सिंह ने डायल 112 पुलिस को फोन मिलाया, तो मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षित उसको घर से बाहर निकाला और अपने साथ पुलिस थाने लाई। जहां पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, मामले की जांच कर मिले तथ्यों के आधार पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ