रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: सीएचसी महराजगंज क्षेत्र के मझगवां गांव में रविवार को एक ही परिवार के 5 सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद गांव के अन्य लोगों की कोरोना जांच करने गए स्वास्थ्य कर्मियों के एक दल को गांव वालों ने बैरंग वापस कर दिया। इसके बाद सूचना मिलने पर अधीक्षक डॉ राधाकृष्णन ने एसडीएम सविता यादव और क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह को मामले की जानकारी दी। जिस पर एसडीएम और सीओ ने तहसीलदार के नेतृत्व में शिवगढ़ थाने से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भेजकर गांव में 50 लोगों की आरटी पीसीआर और 25 लोगों की एंटीजन टेस्ट के द्वारा जांच कराई गई।
आपको बता दें कि, विगत 27 तारीख को मझगवां गांव के एक परिवार के 5 लोगों की सैंपलिंग आरटी पीसीआर के द्वारा कराई गई थी। इसकी रिपोर्ट रविवार की शाम आई, उसमें पांचों लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उसके बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया, और सोमवार की सुबह डॉ राधाकृष्णन के निर्देश पर कोरोना की सैम्पलिंग करने एक टीम गांव पहुंची। भनक लगते ही ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने कोरोना टेस्ट कराने से इनकार करते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को गांव से खदेड़ दिया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने इसकी जानकारी अधीक्षक को दी, तो अधीक्षक ने पूरे मामले से एसडीएम और सीओ को अवगत कराया। दोनों अधिकारियों ने तत्परता से संज्ञान लेते हुए तहसीलदार आर के शुक्ला के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों की टीम और संबंधित थाना क्षेत्र शिवगढ़ से एसों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की टीम गांव भेजी। जिन्होंने ग्रामीणों को एकत्र कर समझा-बुझाकर कोरोना की जांच कराई।
उधर बी पी सी एम शिवाकांत तिवारी ने बताया कि, आज हसनपुर और पारा कला गांव में टीम भेजकर टीकाकरण कराया गया। जिनमें हसनपुर में 50 तथा पारा कला में 20 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसके अलावा सीएचसी क्षेत्र में 90 लोगों का एंटीजन टेस्ट किट द्वारा तथा 86 लोगों का rt-pcr के द्वारा सैंपल भी लिया गया।

0 टिप्पणियाँ