महाराजगंज/रायबरेली: कोरोना कर्फ्यू दौरान बार-बार चेतावनी के बाद भी कई दुकानदारों द्वारा प्रतिबंधों का उल्लंघन कर दुकानें खोले जाने को लेकर प्रशासन आज सख्त हो गया, और कपड़े, मिठाई के अलावा कॉस्मेटिक की दुकान खोले हुए तीन दुकानदारों को रंगे हाथों पकड़ कर प्रति दुकानदार ₹1000 तक जुर्माना ठोक दिया। प्रशासन की इस कार्यवाही को देखकर पूरे बाजार में हड़कंप मच गया, और धड़ाधड़ लोगों ने दुकानों के शटर गिराकर दुकानें बंद कर दी।
आपको बता दें कि, इसके बावजूद एसडीएम सविता यादव और कोतवाल रेखा सिंह तथा कस्बा इंचार्ज जे पी त्रिपाठी लगातार कस्बे का भ्रमण करते रहे। अधिकारियों ने इस दौरान सड़कों पर घूम रहे कई लोगों को रोककर उनसे घूमने की वजह पूछी। अनावश्यक रूप से घूमते पाए लोगों को यह कहकर की यह पहली गलती है, अगर दोबारा पकड़े गए, तो धारा 151 में चालान किया जाएगा। प्रशासन की कड़ाई को देखते हुए बगैर मास्क के घूम रहे, कई लोगों ने गलियों में भागकर अपना बचाव किया।
उधर कोतवाल रेखा सिंह ने चेतावनी दी है कि, यदि अब प्रावधानों का उल्लंघन करके कोई भी दुकानदार दुकान खोल कर बैठा पाया गया, तो जुर्माने की धनराशि ₹25000 की जाएगी। इससे व्यापारियों में हड़कंप है।

0 टिप्पणियाँ