खबर का जबरदस्त असर: खराब को बदलकर लगाई नई मोटर अब नहीं होगी पानी की किल्लत।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के मोन गांव स्थित बनी पानी की टंकी की मोटर विगत 12 मई 2021 को खराब हो जाने के कारण ग्रामीणों को पानी की भीषण समस्या से जूझना पड़ रहा था। ग्रामीणों की इस समस्या को एसके इंडिया न्यूज़ वेब पोर्टल द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जनपद के मुखिया डीएम वैभव श्रीवास्तव ने विभाग के संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए नई मोटर लगाने के निर्देश दिए। हरकत में आए जल निगम विभाग ने आनन फानन खराब मोटर की जगह नई मोटर लगा दी है। जिससे अब ग्रामीणों को पीने का पानी मिलना शुरू हो जायेगा। "मोटर खराब 12 दिनों से नहीं मिल रहा पानी, कोरोनाकाल में लोगों की परेशानी में इजाफा होना लाजिमी" शीर्षक से एसके इंडिया न्यूज़ ने 23 मई को प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था। जिसका असर तुरंत देखने को मिला। 

   आपको बता दें कि, मोन गांव में लगभग 25 वर्ष पूर्व नलकूप लगाकर वाटर हेड टैंक लगाया गया था, जिससे न केवल मोन गांव बल्कि उसके सभी पुरवा के अलावा पड़ोस के कुसमहुरा और ज्योना ग्रामसभाओं की लगभग 20 हजार आबादी को पेयजल उपलब्ध कराया जाता रहा है। हालांकि यह पानी की टंकी हमेशा ही सुर्खियों में रही है। क्योंकि बोर खराब हो जाने के कारण वर्षों तक इस नलकूप से खारा पानी भी मिलता रहा, इसके विरोध में ग्रामीणों ने लंबी लड़ाई लड़ी, तब जाकर दोबारा बोर करा कर जलापूर्ति शुरू कराई गई।

     लेकिन विगत 12 मई को यहां लग नलकूप की मोटर जल गई और पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। 10, 12 दिन बीत जाने के बाद विभागीय कर्मचारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया, तो ग्रामीणों ने पूरी बात एसके इंडिया न्यूज़ के सामने रखी, और एसके इंडिया न्यूज़ ने मामले की छानबीन कर इस खबर को प्रमुखता से चलाया। जिसका परिणाम रहा कि, डीएम वैभव श्रीवास्तव ने फौरन इसका संज्ञान ले लिया, और उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को जमकर लताड़ लगाई, तथा निर्देश दिए कि, 2 दिन के अंदर मोटर बदलकर आपूर्ति शुरू कराई जाए। डीएम की फटकार के बाद जल निगम हरकत में आ गया, और मंगलवार को नलकूप कर्मी जली मोटर के स्थान पर दूसरी मोटर लेकर आ गए तथा उसको लगाने का काम शुरू कर दिया है। यह जानकारी जब ग्रामीणों को हुई, तो उनके हर्ष का ठिकाना नहीं रहा। मोन गांव के रहने वाले दिलीप सिंह पूर्व प्रधान प्रतिनिधि, पूर्व बीडीसी सीताराम पासी, अन्नु सिंह, नरेंद्र सिंह, श्याम चंद्र सिंह समेत पंडित शारदा शरण पांडेय, शैलेंद्र प्रताप उर्फ राहुल साहू आदि बड़ी तादात में गांव वालों ने एसके इंडिया न्यूज़ के प्रयासों की सराहना की है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ