महराजगंज/रायबरेली: पंचायती चुनाव 2021 की मतगणना संपन्न होने के एक हफ्ते बीत जाने के बाद भी लोगों के दिलों में कड़वाहट बनी हुई है। जिसका नजारा देखने को मिल जाता है। ऐसी ही एक घटना महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के जिहवा गांव में आज दोपहर घटी। जबकि पुलिस की सक्रियता से बड़ा हादसा होने से बच गया। बताते हैं कि, जीते हुआ प्रधान, विजय का लड्डू बांटने विरोधियों के मोहल्ले में चले गए। जहां पहले तो गाली गलौज फिर जमकर मारपीट हो गई। गनीमत यह रही कि, घटना की सूचना कोतवाल रेखा सिंह को मिलने के तत्काल बाद वह लाव लश्कर लेकर मौके पर पहुंच गई, विवाद तब जाकर थंभा। हालांकि मामले में एक पक्ष का कहना है कि, विपक्ष के लोग रास्ते में जबरन गाड़ी चढ़ाने पर तुले थे। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि, सुनियोजित ढंग से उनके समर्थकों पर हमला किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाल ने चेतावनी भरे लहजे में दोनों पक्षों को आगाह करते हुए कहा कि, किसी ने कानून को हाथ में लेने की कोशिश की, तो पुलिस सख्त कार्यवाही करेगी। कोतवाल के पहुंचने के बाद बड़ा बवाल होने से बच गया। मामले के बारे में कोतवाल रेखा सिंह का कहना है कि, किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिली तो कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ