आरपी सिंह फोटो: एसके इंडिया न्यूज़
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह के पिता शिव प्रसाद सिंह का बुधवार कोरोना के चलते निधन हो गया। वे लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। आरपी ने अपने ट्विटर हैंडिल में लिखा, बड़े दुख के साथ ये बताना पड़ रहा है कि, मेरे पिता शिव प्रसाद सिंह का निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित थे, और लखनऊ के मेदांता अस्पताल में एडमिट थे। उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआएं करें। ओम शांति ओम।
आपको बता दें कि, हाल ही में आरपी के साथ पूर्व अंतरराष्ट्रीय लेग स्पिनर पीयूष चावला के पापा प्रमोद कुमार चावला की भी कोरोना संक्रमित होने से मृत्यु हो गई थी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी आरपी सिंह (रुद्र प्रताप सिंह) ने अपने पिता के साथ रायबरेली में ही पले-बढ़े और यहीं रहकर क्रिकेट सीखा, फिर टीम इंडिया का हिस्सा बनकर विश्व में जिले का नाम रोशन किया। आरपी सिंह ने अपनी अलग पहचान बनाई। बुधवार को उनके पिता एसपी सिंह का लखनऊ में निधन हो गया। वह आईटीआई से रिटायर हो चुके थे। इसकी खबर लगते ही जिले के खेल प्रेमियों के साथ ही आईटीआई कर्मचारियों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
वर्ष 1985 में जन्मे आरपी सिंह अपने परिवार के साथ शहर के इंदिरा नगर कालोनी में रहते थे। उनके पिता एसपी सिंह आईटीआई में कर्मचारी थे। मां गिरजा देवी गृहणी हैं। आरपी सिंह की दो बहनें हैं। पूर्व क्रिकेटर रुद्र प्रता की शुरुआती पढ़ाई नेहरू नगर स्थित एक स्कूल में हुई, फिर शांति निकेतन में आठवीं तक पढ़े। इंटर की पढ़ाई जीआईसी से पूरी की। आरपी सिंह का रुझान क्रिकेट की तरफ ज्यादा था। क्रिकेट कोच मो0 अयाज बताते हैं कि, आरपी सिंह ने वर्ष 1994 से 2000 तक उनसे क्रिकेट की कोचिंग ली। इसके बाद वह लखनऊ चले गए। वर्ष 2005 में आरपी को टीम इंडिया में शामिल किया गया। उन्होंने अपनी काबिलियत से बेहतर मुकाम बनाया।
आरपी सिंह के परिवार के काफी करीबी बीपी सिंह बताते हैं कि, रुद्र प्रताप सिंह के पिता एसपी सिंह का लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। इस बात की जानकारी देते हुए आरपी सिंह ने भी खुद ट्वीट किया है। अंतिम संस्कार बाराबंकी जिले में सिद्धौर ब्लाक के पूरे बाला गांव में किया गया। पूर्व क्रिकेट के पिता के निधन से खेल प्रेमियों और आईटीआई कर्मचारियों में शोक है। मो0 अयाज, बीपी सिंह, मो0 फहीम, अश्विनी यादव, राम सजीवन, अभिनव प्रताप, अमित श्रीवास्तव, राजाराम पांडेय, सुनील तिवारी, अमति सिंह आदि ने शोक जताया है।

0 टिप्पणियाँ