बछरावां/रायबरेली: कस्बे के आदि नगर मोहल्ले के एक तालाब को नगर पंचायत कर्मियों ने कूड़ा डालकर धीरे-धीरे पाट दिया है। हल्की बारिश के बाद कूड़े में सड़न पैदा होने से उठने वाली दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। यही नहीं किसी ने कूड़े में आग भी लगा दी। सुलगते कूड़े से उठने वाले धुएं से लोगों को सांस लेने की समस्या होने लगी है।
आपको बता दें कि, कस्बे के आदि नगर मोहल्ले के रहने वाले सतीश के घर के पीछे एक बड़ा तालाब है। नगर पंचायत ने कूड़ा निस्तारण को लेकर कस्बे का कूड़ा धीरे-धीरे वहां डालना शुरू किया, आज आलम यह है कि, तालाब अपना अस्तित्व होने की कगार पर है। बारिश के बाद कूड़े में सड़न पैदा होने लगी है। मोहल्ले में दुर्गंध का माहौल है। मच्छर जनित बीमारियां भी बढ़ने लगी है। मच्छरों के प्रकोप ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। एक हफ्ते पूर्व किसी ने कूड़े में आग लगा दी। धीरे धीरे जलने के बाद कूड़ा सुलगने लगा। आलम यह है कि, इस कूड़े से उठने वाले धुएं से लोगों को सांस लेने में समस्या होने लगी है। पहले तो मोहल्ले वासियों ने नगर पंचायत को मौखिक सूचना दी, किंतु नगर पंचायत बछरावां द्वारा कोई ठोस कदम ना ना उठाए जाने के बाद मोहल्ले के रहने वाले सतीश कुमार, राहुल शुक्ला, उमेश कुमार, शिवम, सोनू जायसवाल, राकेश कुमार, अंकित सहित अन्य मोहल्ले के लोगों ने प्रार्थना पत्र देकर इस समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह उर्फ रामजी से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि, सूचना मिली है मौके पर पानी के टैंकर भेज कर आग बुझाई जा रही है। यह कूड़ा पूर्व का है। वर्तमान में कस्बे से निकलने वाला कूड़ा डंपिंग ग्राउंड भेजा जा रहा है।


0 टिप्पणियाँ