रायबरेली: पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद गांवों में चुनावी रंजिश को लेकर हो रहे खूनखराबा रोकने के लिए पुलिस ने नया तरीका अपनाया है। अब जिले के सभी प्रधानों से शपथ पत्र भराकर उन्हें गांवों में भाईचारा कायम करने का न सिर्फ संकल्प दिलाया जाएगा। बल्कि कोविड-19 पालन कराने के लिए हामी भरी जाएगी। 360 प्रधानों ने अपने-अपने गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बकायदा शपथ पत्र भरकर अपने क्षेत्र के थानों पर जमा किया है।
आपको बता दें कि, इन शपथ पत्र में मिनी मुख्यमंत्रियों ने कसम खाई है कि, वह झगड़ा फसाद नहीं करेंगे। गांवों में भाईचारा बनाने का काम करेंगे, साथ-साथ लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक भी करेंगे। इधर, दो मई को पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद चुनावी रंजिश में खूनखराबा हो रहा है। गांवों का माहौल शांत कराने के लिए एसपी श्लोक कुमार की ओर से नया फरमान जारी किया गया है। इसके तहत सभी थानेदारों को क्षेत्र के विजेता प्रधानों से शपथ पत्र भरवाकर जमा कराने के लिए कहा गया है। शपथ पत्र जमा करने के बाद भी यदि कोई विवाद करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कहा गया है।
इन्होंने ली शपथ: राही के प्रधान अमन जायसवाल, राघवपुर के राजीव कुमार, दरियापुर की ग्राम प्रधान विमला देवी, चक चौहनियां के अरुण कुमार, उसरू की सावित्री देवी, खेमानखेड़ा के आनंद पांडेय, चंद्रमणिखेड़ा की अनीता देवी, भोजपुर के राजकिशोर, गजपतिखेड़ा के जहांगीर खां, छतौना के मोइन खान, डिघिया की मीना देवी, गजियापुर के शिव कुमार, दरीबा के शत्रोह्नलाल, छिबरामऊ की संगीता यादव, नकफुलहा के राम बहरादुर, रेती खुर्द बुजुर्ग के दिनेश कुमार, बड़ेरा गणेशपुर की मंजू, दाऊदपुर के सत्यम पटेल, तमनपुर के धनंजय सिंह, जींगो के कैलाशचंद्र, तिलेंडा के कर्मपाल सिंह, पखनपुर की संगीता देवी आदि 360 नवनिर्वाचित प्रधानों ने गांवों में चुनावी रंजिश को लेकर झगड़ा फसाद न करने की शपथ ली है।
चौकीदार सतर्क किए गए: गांवों की सुरक्षा में चौकीदार भी अहम भूमिका निभाते हैं। पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद गांव का माहौल गर्म है। हारे और विजेता प्रत्याशी के समर्थकों में अंदर ही अंदर खींचतान चल रही है। विवाद अधिक बढ़ने पर खूनखराबा हो रहा है। इसलिए गांवों के चौकीदारों से कहा गया है कि, वह गांव के अराजकतत्वों पर नजर रखें। यदि कोई झगड़ा फसाद करते हैं, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
सात दिन में दोगुना घटनाएं: पंचायत चुनाव की मतगणना को महज सात दिन बीते हैं। मतगणना के बाद गांवों का माहौल इस कदर खराब है कि, सात दिन में दोगुना घटनाएं चुनावी रंजिश को लेकर हुई हैं। सबसे ज्यादा मारपीट की घटनाएं भदोखर थाना क्षेत्र में हुई हैं। इसके बाद डीह, सलोन, ऊंचाहार, गदागंज थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश में खूनखराबा हुआ है। हालांकि घटना के बाद जरूर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। चुनावी रंजिश में घटनाएं रोकने के लिए सभी विजेता प्रधानों से शपथ पत्र भरवाए जा रहे हैं। उनसे बकायदा शपथ पत्र में लिखाया जा रहा है कि, वह झगड़ा फसाद नहीं करेंगे। एक दूसरे का सम्मान करेंगे। कोविड-19 का पालन करके लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करेंगे। इसके बाद भी यदि किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की, तो उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
श्लोक कुमार, एसपी रायबरेली

0 टिप्पणियाँ