तिलोई/अमेठी: अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के बिराज गांव में शनिवार रात सोते समय एक बुजुर्ग पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया गया। इससे वह झुलस गया। जब तक कोई समझ पाता हमलावर भाग गया। बुजुर्ग को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। ज्वलनशील पदार्थ किसने और क्यों फेंका, यह जानने के लिए पुलिस पड़ताल कर रही है।
आपको बता दें कि, मोहनगंज थाना क्षेत्र के बिराज गांव निवासी गया प्रसाद (65) के एक संदीप पुत्र संदीप और तीन पुत्रियां है। पुत्र संदीप इस समय दिल्ली में है, और पुत्रियां अपनी ससुराल में है।
पत्नी न होने के कारण गया प्रसाद घर पर अकेले ही रहता है। वह किसानी करता है। रात में सोते समय किसी ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया, जिससे हाथ, पैर समेत शरीर के कई हिस्से झुलस गए।
जानकारी होने पर ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी पहुंचाया गया। डॉ0 अभिषेक शुक्ला का कहना है कि, कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने से बुजुर्ग झुलसा है। वहीं थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि, मामला जानकारी में आया है। जांच के बाद प्रकरण में कार्रवाई होगी।

0 टिप्पणियाँ