रायबरेली: मिल एरिया थाना क्षेत्र में रविवार को दबंगों ने ग्राम पंचायत सदस्यों को मारपीट करते हुए नामांकन करने से रोक दिया। दबाव बनाने के लिए असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस फायरिंग की बात से इंकार कर रही है। हिस्ट्रीशीटर अजीत प्रताप सिंह उर्फ बाबी सिंह और उसके साथियों ने दबंगई दिखाते हुए जमकर उत्पात मचाया। गुस्साए लोगों ने अमावां ब्लॉक को घेरते हुए हंगामा किया। खूब नारेबाजी की। सीओ की अगुवाई में कई थानों की फोर्स पहुंची, तो स्थिति संभली। सीओ ने मामले में कार्रवाई का भरोसा देकर सभी को शांत कराया।
आपको बता दें कि, अमावां ब्लॉक में पंचायत उपचुनाव को लेकर नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही थी। मंचितपुर ग्राम पंचायत से आशीष कुमार समेत अन्य लोग ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल करने ब्लॉक जा रहे थे। आरोप है कि, इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर अपराधी ने साथियों के साथ दावेदारों को नामांकन पत्र जमा करने से रोक दिया। विरोध करने पर पिटाई करते हुए कनपटी पर असलहा तान दिया। दहशत फैलाने के लिए असलहों से हवाई फायरिंग की। जानकारी होने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तो आरोपी भाग गए। गुस्साए लोगों ने ब्लॉक को घेर लिया और हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। इससे ब्लॉक में चल रही नामांकन प्रक्रिया भी कुछ देर के लिए ठप हो गई। सीओ सदर महिपाल पाठक, कोतवाल अतुल सिंह, मिल एरिया थानेदार आशुतोष त्रिपाठी, महराजगंज कोतवाल रेखा सिंह मौके पर पहुंच गई।
वहीं इस मामले में सीओ सदर महिपाल पाठक ने बताया कि, पीड़ित आशीष की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर बाबी सिंह, केतन, भट्टू सिंह और रोहितलाल पांडेय के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बाबी महराजगंज कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर और टापटेन अपराधी है। लोगों को शांत करा दिया गया है। मामला पूरी तरह से शांत है।
आपको यही बता दें कि, अमावां ब्लॉक में चुनाव को लेकर घमासान मचा है। हर कोई चुनाव जीतने के लिए नए हथकंडे अपना रहा है। ब्लॉक प्रमुख के साथ ही अब पंचायत उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए खूनखराबा तक किया जा रहा है। उधर पिंडारीकला से बीडीसी का चुनाव जीतने वाले नीरज सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। नीरज का आरोप है कि, वह ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। एक महिला जनप्रतिनिधि अपने घरवालों को ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर बैठाने के लिए उनका उत्पीड़न करा रही हैं। वह लगातार दबाव बना रही हैं कि, हम ब्लॉक प्रमुख का चुनाव न लड़ें। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए लोगों को परचा जमा करने से रोका गया। ऐसे में पुलिस को जांच करके ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।
एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि, हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इसमें रोहित लाल पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। बाबी सिंह महराजगंज कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।


0 टिप्पणियाँ