बछरावां/रायबरेली: यूपी के रायबरेली में बछरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बांदा बहराइच मार्ग पर एक 19 वर्षीय युवक के ऊपर पेड़ पर बैठा बंदर कूद पड़ा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
आपको बता दें कि, मिली जानकारी के मुताबिक कलुई खेड़ा गांव निवासी सत्यम 19 पुत्र स्वर्गीय कल्लू सुबह 8:30 बजे के करीब घर से दवा लेने के लिए मोटरसाइकिल से ताला जा रहा था। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल अघौरा गांव के हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तभी अचानक पेड़ पर बैठे एक बंदर ने छलांग लगाकर उनके ऊपर ही कूद गया। बंदर कूदने से मृतक मोटरसाइकिल सवार 19 वर्षीय सत्यम सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल होकर बेहोश हो गया।
आनन फानन राहगीरों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दरोगा राजीव सिंह चौहान ने अपनी गाड़ी से युवक को बछरावां समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने सत्यम को मृत घोषित कर दिया। हलका इंचार्ज राजीव सिंह का कहना है कि, युवक को लाते समय रास्ते में ही मौत हो गई थी। जानकारी यह भी आ रही है कि, विगत 1 वर्ष पूर्व मृतक के पिता स्वर्गीय कल्लू का भी बांदा बहराइच मार्ग पर नंदा खेड़ा गांव के पास कुत्ते से लड़ जाने के कारण मौत हो गई थी। एक ही घर में साल भर के अंदर दो-दो मौतों ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
उधर मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची तो परिवार, नाते रिश्तेदार समेत पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

0 टिप्पणियाँ