शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: तहसील महराजगंज क्षेत्र में जमीनों की लिखा पढ़ी और हेराफेरी के मामले में तेजी आई है। यहां क्षेत्र में जालसाजी से दूसरों की जमीन बैनामा करा लेने का एक मामला प्रकाश में आया है। जिसमें नटवरलालों ने एक विकलांग आदमी को भी नहीं बख्शा। पहले तो वह उसे पेंशन बनाने के लालच में तहसील ले आए, और फिर धोखे से साढ़े तीन बीघे जमीन का पूरा बैनामा अपने नाम करा लिया। भुक्तभोगी को जब असलियत पता चली तो, उसने विरोध जताया। मनचढ़े दबंगों ने विकलांग को धमकी दी। यदि कहीं शिकवा शिकायत किया, तो जान से खत्म करके लाश भी गायब कर देंगे। धमकी से घबराया विकलांग महराजगंज कोतवाली पहुंचा, और कोतवाल रेखा सिंह को आपबीती बताई। रेखा सिंह ने तत्काल मामला संज्ञान लेते हुए फर्जी तरीके से बैनामा दिखाने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है।
नटवरलालो ने धोखा देकर बुजुर्ग की लिखा ली साढ़े तीन बीघे जमीन शिकायत करने पर दी जान से मारने की धमकी-खबर का वीडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें।
आपको बता दें कि, कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर आवाडीह के रहने वाले छेद्दू लोध पुत्र राम आसरे ने थाने में तहरीर देने के बाद पत्रकारों को बताया कि, उसके पास पड़ोस के गांव जंगलिन मजरे अलीपुर के रहने वाले बजरंगी लाल यादव पुत्र बाबूलाल कई दिनों से चक्कर लगा रहे थे। विगत 7 जुलाई 2021 को वह उनके घर पहुंचे और कहा कि, तुम्हारी जमीन के खातों में गड़बड़ी है, साथ ही तुम्हारी उम्र 50 वर्ष से ज्यादा हो गई है, चलो तुम्हारे कागजात ठीक करा दें और पेंशन भी बंधवा दें। यह कहकर अपने दोनों बेटों अजय और सचिन के साथ तहसील ले आया, क्योंकि भुक्तभोगी छेद्दू को आंखों से भी कम दिखाई देता है। उन्होंने छेद्दू से कई कागजातों पर दस्तखत बनवा लिए, और एक कार्यालय में खड़ा कर दिया। छेद्दू यह समझ रहा था की उसके कागजात ठीक हो रहे हैं। उसने अंगूठा हस्ताक्षर कर दिए और उन्हीं लोगों के साथ घर वापस लौट आया।
कुछ दिन बीतने के बाद गांव में चर्चा चली की बजरंगी लाल यादव ने छेद्दू लोध की सारी जमीन अपने नाम करा ली है। यह सुनकर छेद्दू तहसील आया, और पता लगाया तो बात सच निकली। सिद्धू का कहना है कि, वह इस बात की शिकायत लेकर बजरंगी यादव के घर पहुंचा और पूरा वाकया बताया तो बजरंगी लाल और उनके दोनों पुत्रों अजय व सचिन ने बजरंगी का गला पकड़ते हुए कहा कि, जमीन तो हमने लिखा ली है, ज्यादा शिकवा शिकायत कहीं करने गए, तो तुम्हें मार कर लाश भी गायब कर देंगे, मेरा कुछ बिगड़ने वाला नहीं है।
इसके पश्चात जान बचाकर विकलांग छेद्दू घर आया और कोतवाली में जाकर तहरीर देकर अपने साथ हुई घटना के बारे में अवगत कराया और आशंका जताई कि, देर सवेर मौका पाकर अभियुक्तगण उसकी जान भी ले सकते हैं। अगर उसके साथ कोई हादसा हो जाए, तो इसके लिए बजरंगी लाल और उसके बेटे ही जिम्मेदार समझे जाएंगे।
कोतवाली प्रभारी रेखा सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि, मामले की जांच में यदि तथ्य सही पाए गए, तो अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ