शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे सहामत मजरे बहादुर नगर में मंगलवार को खेल खेल में बच्चों ने बारूद में आग लगा दी। जिससे हुए विस्फोट में चारों बच्चों के चेहरे बुरी तरह झुलस गए। जिनमें से दो बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।
आपको बता दें कि, गांव निवासी राम सजीवन के दो बच्चे रौनक 5 वर्ष, व रागिनी 7 वर्ष तथा सजीवन के भाई सुनील के दो बच्चे सौभाग्य 4, संजोग 7 घर में पिछली दिवाली के रखे पटाखे निकालकर घर के बाहर ले आए, पहले बच्चों ने पटाखों में आग लगाई, लेकिन पटाखे नहीं चले तो चारों बच्चों ने मिलकर पटाखों के अंदर भरे बारूद को बाहर निकाल कर एक जगह एकत्रित कर लिया। तभी उन्हीं बच्चों में से एक ने माचिस की तीली जलाकर बारूद के ढेर पर फेंक दिया। जिससे अचानक बारूद में आग लग गई और विस्फोट हो गया। जिससे चारों बच्चों के चेहरे बुरी तरह झुलस गए।
घटना के समय राम सजीवन खेत गया हुआ था, जबकि सुनील बाहर रहता है। बारूद के विस्फोट की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले गए। राम सजीवन को सूचना दी, सूचना मिलने पर राम सजीवन और उसके परिजन आए, बगैर पुलिस को सूचना दिए इलाज के लिए बच्चों को जिला अस्पताल लेकर चले गए। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह और प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
कोतवाली प्रभारी रेखा सिंह ने बताया कि, बच्चों बच्चों के खेल खेल में यह घटना घटी है। चारों बच्चे खतरे से बाहर हैं, और इलाज करा कर घर वापस लौट आए हैं।

0 टिप्पणियाँ