शिवाकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली। थाना क्षेत्र के सुविख्यात भंवरेश्वर महादेव मंदिर के संदर्भ में गत दिवस कुछ समाचार पत्रों में वहां व्याप्त गंदगी तथा अवैध रूप से बिक रही शराब की खबरों के प्रकाशन को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी महराजगंज एवं डीपीआरओ द्वारा भवरेश्वर मेला का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान मेला परिसर तथा घाटों की साफ सफाई के निर्देश दिए गए।
आपको बता दें कि, द्वापर कालीन सुविख्यात भवरेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसपी श्लोक कुमार ने साथ आए अधिकारियों को निर्देशित किया कि, वह सावन में होने वाली भीड़ को देखते हुए तत्काल प्रभाव से घाटों की सफाई कराएं, तथा मेला परिसर में पूर्ण सफाई के साथ-साथ किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए गोताखोरों की तैनाती एवं नाविको की तैनाती करें। डीपीआरओ को आदेशित करते हुए उन्होंने कहा कि, अधिक से अधिक सफाई कर्मियों की नियुक्ति मेला परिसर में की जाए।
वहीं एसपी श्लोक कुमार ने क्षेत्राधिकारी महराजगंज को निर्देशित करते हुए कहा कि, यहां पर बिकने वाली अवैध शराब की बिक्री को हर हालत में बंद कराया जाए, अधिकारियों द्वारा मंदिर के पुजारियों तथा प्रबंध समिति से भी विचार विमर्श कर उनके सुझाव मांगे, और उनके निराकरण का का आश्वासन दिया।
आपको यह भी बता दें कि, 3 जनपदों की सीमा पर बसा, यह भीम द्वारा स्थापित सुविख्यात प्राचीन कालीन भवरेश्वर मंदिर में लगने वाला विशाल मेला बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है, और सावन के सोमवार तथा कजली तीज आदि के अवसरों पर यहां लाखों दर्शनार्थी व श्रद्धालु आते हैं।आए हुए उच्चाधिकारियों ने बछरावां पुलिस को आगाह करते हुए कहा कि, यहां लगने वाले विशाल मेले के मद्देनजर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक पुलिस का प्रबंध किया जाए, उन्होंने यह भी कहा कि, समय-समय पर वे लोग स्वयं निरीक्षण करेंगे, और कोई भी कमी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी अथवा अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।


0 टिप्पणियाँ