अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से पेट्रोल पंप कर्मी की मौत।। Raebareli news ।।

 

शिवाकांत अवस्थी

बछरावां/रायबरेली: चालकों की लापरवाही के चलते कभी-कभी ऐसी भयानक दुर्घटना जन्म लेती है, जिसमें अन्य व्यक्ति की जान लेने के साथ-साथ चालक की भी जान जोखिम में पड़ जाती है। ऐसा ही एक हादसा बछरावां से लालगंज मार्ग पर पूरे खलार के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ।

     आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के मुताबिक गरीब खेड़ा मजरे पश्चिम गांव निवासी जागेश्वर पुत्र मुनेश्वर उम्र 30 वर्ष पेट्रोल पंप पर कार्य करता था, घटना के समय ड्यूटी पर ना होते हुए भी मोबाइल चार्ज करने के लिए पेट्रोल पंप आया था, और मोबाइल चार्जिंग में लगा कर लघुशंका करने के लिए सड़क पार करने लगा, इसी बीच लालगंज की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो यूपी 31 एक्स 1523 द्वारा उसे जबरदस्त टक्कर मार दी गई। बोलेरो की टक्कर लगने के बाद वह उछल कर दूर जा गिरा। अनियंत्रित बोलेरो इतनी तेज गति से थी, कि टक्कर मारने के बाद वह सड़क किनारे स्थित दो पेड़ों के बीच में घुस गई, चालक द्वारा वाहन को निकालने का भरपूर प्रयास किया गया, परंतु उसे सफलता नहीं मिली। जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

     घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस द्वारा उसे बछरावां अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी हालत को नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि, घायल के परिजन अशिक्षित होने के कारण रेफर का मतलब ही नहीं समझ पाए, और वह उसे लेकर घर चले गए। जहां मंगलवार की अलसुबह उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई, घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ