शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गढी मजरे पोखरनी गांव में दबंगों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद जहरीला पदार्थ खाने से हुई किसान की मौत के मामले में एक ओर जहां मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने 2 लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत किया है, तो वहीं आज पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
आपको बता दें कि, गांव निवासी राम अभिलाष यादव पुत्र रामसेवक उम्र 28 वर्ष ने बृहस्पतिवार की दोपहर बाद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। उपचार के लिए जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किए जाने के बाद रास्ते में उसने दम तोड़ दिया था। मामले में परिजनों ने आरोप लगाया था कि, गांव के दबंगों द्वारा भूमि संबंधी मामले में प्रताड़ित किए जाने को लेकर उसने जहर खाया और उसकी मृत्यु हुई है। पुलिस ने सूचना मिलने पर शुक्रवार की सुबह गांव जाकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बीती रात मृतक के भाई दिनेश कुमार यादव ने गांव के ही बबलू उर्फ अखिलेश शुक्ला एवं उनके चाचा सहदेव शुक्ला के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। देर में पोस्टमार्टम के बाद शव गांव वापस पहुंचने पर उसका अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका था। रात भर पुलिस गांव में मौजूद रही, ताकि कोई तनाव जैसी समस्या उत्पन्न ना हो। आज पूर्वान्ह कोतवाल रेखा सिंह व भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। तब जाकर पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली।
मामले में कोतवाल रेखा सिंह का कहना है कि, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के दौरान पाए गए तथ्यों के आधार पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ