रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: शासन के निर्देशानुसार महराजगंज नगर के 10 वार्डों में से 3 वार्ड स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चयनित हुए हैं। इन तीनों वार्डों को सबसे पहले कूड़ा कचरा मुक्त बनाया जाएगा, जिसकी आज बुधवार को वार्ड नंबर 7 प्रकाश नगर से शुरुआत हो गई है।
आपको बता दें कि, नगर की अध्यक्ष सरला साहू व अधिशासी अधिकारी अपर्णा मिश्रा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि, महराजगंज के तीन वार्डो प्रकाश नगर, आनंद नगर एवं शांति नगर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चयनित हुए हैं। जिन्हें कूड़ा कचरा मुक्त बनाया जाएगा। आज बुधवार को नगर के वार्ड नंबर 7 प्रकाश नगर के सभासद धर्मेंद्र वर्मा द्वारा घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए हर परिवार को दो-दो डस्टबिन (बाल्टियां) दी गई।
नगर अध्यक्ष सरल साहू ने सम्मानित नगर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि, स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारी है। सूखे व गीले कचरे को अलग-अलग रखें और डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में सहयोग करें। जब कचरे को विधिवत तरीके से निपटान करेंगे तो नगर का कचरा ऑटोमेटिक ही खत्म हो जाएगा।
अधिशासी अधिकारी अपर्णा मिश्रा ने कहा कि, सम्मानित नगर वासी अपने अधिकार को समझते हैं, इसलिए कर्तव्य को भी समझना होगा। सफाई के लिए सुपरविजन की जरूरत है। जिसे प्रशासन द्वारा और बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। महराजगंज नगर में सफाई व्यवस्था और बेहतर होगी। इसके लिए शासन और महराजगंज नगर पंचायत द्वारा सतत प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही नगर के सभी वार्डों में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रशासन द्वारा डस्टबिन का वितरण किया जाएगा, जिससे डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और नगर को कचरा मुक्त बनाया जा सके।
अपर्णा मिश्रा ने नगर वासियों से नीले कलर के डस्टबिन में सूखा कचरा वहीं हरे कलर की डस्टबिन में गीला कचरा रखने की अपील करते हुए लोगों को जागरूक किया।


0 टिप्पणियाँ