महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने निकाली बाइक रैली

रजनीकांत अवस्थी

रायबरेली/लखनऊ: मोदी सरकार के 10 साल के अन्याय काल में कमर तोड़ महंगाई के खिलाफ़ रायबरेली में युवा कांग्रेस के सदस्यों ने बाइक रैली निकालकर अपना विरोध जताया। असंवेदनशील भाजपा सरकार के राज में आम आदमी के सामने से खाने की थाली छीनती मंहगाई के विरुद्ध यह प्रदर्शन जनपद के सभी ब्लॉक में किया गया।  

      आपको बता दें कि, हरचंदपुर ब्लॉक में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने विरोध प्रदर्शन के साथ एक जनसभा को भी संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, आज देश की जनता महंगाई की मार सह रही है, मोदी सरकार में आम जनता का दो वक्त का खाना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस सरकार में 400 रुपए में मिलने वाला सिलेंडर मोदी सरकार ने 1100 रुपए तक बेचा‌। कई सालों से चल रही इस महालूट को सिर्फ चुनाव के समय 200 रुपए सिलेंडर का दाम कम कर के जनता को भ्रमित करने की कोशिश की। बढ़ती बेरोजगारी से पीड़ित युवाओं के लिए अपना घर चलाना मुश्किल हो गया है‌।  

       कांग्रेस  पार्टी के न्याय पत्र की बात करते हुए उन्होंने कहा कि, केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर रिक्त पड़े सभी 30 लाख सरकारी पद भरे जाएंगे और साथ ही सभी ग्रैजुएट युवाओं की पहली नौकरी एक लाख की वार्षिकी के साथ पक्की होगी। इस देश में न्याय की लड़ाई लड़ रहे जननायक राहुल गांधी को रायबरेली से रिकॉर्ड मतों से जिताने का आग्रह श्री बीवी श्रीनिवास ने किया। 

     अमांवा ब्लॉक में बाइक रैली एवं सिलेंडर प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के मध्य ज़ोन के कार्यकारी अध्यक्ष अंकित तिवारी ने किया। हरचंदपुर में प्रदर्शन की अगुवाई युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष सौरभ अवस्थी ने की। साथ ही सताव ब्लॉक में युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रंजीत कुमार ने नेतृत्व किया।

     इस दौरान कार्यक्रम में पुष्पलता, संतोष सिंह, विद्या बनर्जी, जगरूप सत्यम एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ