महराजगंज/रायबरेली: उप जिलाधिकारी महराजगंज सचिन यादव ने तहसील सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुये कहा कि, सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं देय सुविधाओं का किसान भरपूर लाभ उठायें। सम्पूर्ण समाधान दिवस की ही तरह किसान दिवस में प्राप्त किसानों की समस्याओं, शिकायतों को प्रभावी ढंग से किए गए निस्तारण का रजिस्टर में अंकन कराकर एवं किसान दिवस की मुहर लगाकर किया जा रहा है।
आपको बता दें कि, उप जिलाधिकारी ने कहा कि, रजिस्टर से किसान दिवस में पिछली शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के साथ-साथ किसानों, पशुपालकों तथा कृषि सम्बन्धी कार्य करने वालों को सुविधायें प्रदान करने के लिये तहसील स्तर पर अभियान चलाकर किसान क्रेडिट कार्ड बनवाये जायेंगे।
इसके अलावा तहसील क्षेत्र में गेहूं खरीद के लिये क्रय केन्द्र संचालित हैं, जिसमें गेहूं की सरकारी खरीद की जायेगी। किसानों का भुगतान दो दिन के अंदर करा दिया जाता है। महराजगंज क्षेत्र में किसानों किसानों द्वारा गौवंशों की समस्या के सम्बन्ध में जानकारी देने पर उप जिलाधिकारी ने बताया कि, पूर्व से संचालित गौशालाओं के अतिरिक्त निराश्रित गौवंशों के लिये प्रत्येक विकास खण्ड स्तर पर गौशालाएं बनवाई जा रही हैं।
किसानों द्वारा केवाईसी कराने के लिये जनसेवा केन्द्रों द्वारा अधिक धनराशि लेने पर उप जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि, निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि लेने वाले जनसेवा केन्द्रों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर किसानों द्वारा सिंचाई, बिजली, भूमि अतिक्रमण, समितियों पर उर्वरक, पोटाश उपलब्ध कराने, पशु टीकाकरण, बिजली, पानी की समस्या आदि के सम्बंध में अवगत कराया गया।
किसान दिवस में जिला कृषि अधिकारी अखिलेश चंद्र पांडेय, जिला गन्ना अधिकारी चंद्रभान, वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र दरियापुर डॉ दीपक मिश्रा, उद्यान विभाग से धर्मेंद्र, पशु चिकित्सा अधिकारी महराजगंज उमेश चंद्रा सुमित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी तादाद में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ